![]()
हिमाचल के कसौली स्थित लॉरेंस स्कूल, सनावर का 3 दिवसीय 179वां संस्थापक दिवस समारोह सोमवार को संपन्न हुआ। नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन मुख्य अतिथि थे। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में अनुशासन, उद्देश्य और दृढ़ता अपनाने का आह्वान किया। एडमिरल स्वामीनाथन ने कहा कि जीवन में मुश्किलें आना स्वाभाविक है, लेकिन सफलता उसी को मिलती है जो विपरीत परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य से नहीं भटकता। उन्होंने छात्रों को सनावर की मूल भावना ‘कभी हार मत मानो’ को जीवन में उतारने का संदेश दिया। नौसेना प्रमुख ने सनावर के पूर्व छात्र और परमवीर चक्र विजेता सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के साहस और राष्ट्र के लिए दिए सर्वोच्च बलिदान को याद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके जीवन से प्रेरणा लेने को कहा। समारोह में पारंपरिक ट्रूपिंग ऑफ द स्कूल कलर्स का आयोजन हुआ। 1956 से 2001 तक के कई बैच के पूर्व छात्रों ने स्कूल बैंड के साथ मार्च पास्ट किया। इस तीन दिवसीय समारोह में 700 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। 3 प्रतिष्ठित पूर्व विद्यार्थियों को मिला विशेष सम्मान
समारोह में विशिष्ट पूर्व सनावेरियन सम्मान से दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू,नेपाल की शाही सेना के पूर्व प्रमुख एवं वर्तमान में ब्रिटेन में नेपाल के राजदूत जनरल गौरव एस.जे.बी. राणा तथा प्रसिद्ध मानवाधिकार अधिवक्ता माजा दारूवाला को सम्मानित किया गया।
विद्यार्थियों की उपलब्धियों को भी मिला सम्मान
समारोह में विद्यार्थियों की उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए विभिन्न प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किए गए। इनाया कुमार (एचजीडी) को सर्वश्रेष्ठ कैडेट के लिए सेना प्रमुख की ट्रॉफी, राउंड स्क्वायर गतिविधियों के लिए किंग कॉन्स्टेंटाइन पदक, उत्कृष्टता के लिए सोम दत्त ट्रॉफी तथा प्रधान छात्रा के लिए होनोरिया लॉरेंस पुरस्कार प्रदान किया गया।
रणराज सिंह चौधरी (वीबीडी) को सेना प्रमुख की ट्रॉफी तथा प्रधान छात्र के लिए हेनरी लॉरेंस पुरस्कार से सम्मानित किया गया। बोर्ड परीक्षा में अव्वल विद्यार्थियों को भी पुरस्कार कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विराज गुप्ता (वीबीडी) को यशपाल चौधरी स्वर्ण पदक और दिवंगत कैप्टन जाबर सिंह नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। विज्ञान वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर नेली लवेल (ओ.एस.) स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।
वाणिज्य वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले लक्षित बंसल (एसबीडी) तथा मानविकी वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली दाविना धालीवाल (एनजीडी) को भी सम्मानित किया गया। तीन दिन तक खेल,संस्कृति और परंपरा का संगम
तीन दिवसीय समारोह के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं, पूर्व सनावेरियन्स की गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और वार्षिक एथलेटिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय के करीब 700 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
Source link
