![]()
पानीपत में क्रेडिट कार्ड पर अधिक चार्ज लगने की बात कहकर खुद को बैंक कर्मचारी बताने वाले साइबर ठगों ने एक व्यक्ति से 49 हजार रुपये ठग लिए। आरोपियों ने पहले फोन कर बात की और आवाज साफ न आने का बहाना बनाकर व्हाट्सएप वीडियो कॉल की। इसके बाद व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजकर उस पर क्लिक करने को कहा। लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल में एक एप्लीकेशन डाउनलोड हो गई और कुछ ही देर बाद क्रेडिट कार्ड से 49 हजार रुपये कट गए। ठगी का पता चलने के बाद पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है। ठगों ने खुद को बताया बैंक कर्मी साइबर अपराध थाना पुलिस को दी शिकायत में विजय नगर निवासी अरुण कुमार ने बताया कि 30 सितंबर को उसके फोन पर एक नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को बैंक कर्मचारी बताया। उसने कहा कि अरुण जिस क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर रहा है, उस पर काफी ज्यादा चार्ज लग रहे हैं और इन्हें कम किया जा सकता है। बहाना बना व्हाट्सएप पर की कॉल शिकायत के अनुसार बातचीत के दौरान आरोपी ने कहा कि उसकी आवाज ठीक से सुनाई नहीं दे रही है, इसलिए वह व्हाट्सएप पर कॉल कर रहा है। इसके बाद आरोपियों ने अरुण के व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल की। बातचीत के दौरान उसके व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा गया और उसे लिंक पर क्लिक करने के लिए कहा गया। एप्लीकेशन डाउनलोड होते ही कट गए रुपए अरुण ने जैसे ही लिंक पर क्लिक किया, उसके मोबाइल में अपने आप ‘इंडसइंड क्रेडिट कार्ड’ नाम का एक एप्लीकेशन डाउनलोड हो गया। इसके बाद उसके क्रेडिट कार्ड से 49 हजार रुपये कट गए। ठगी का पता चलने पर उसने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने साइबर अपराध थाना पुलिस से ठगी गई रकम वापस दिलाने और मामले में कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
Source link
पानीपत में बैंक कर्मी बनकर की साइबर ठगी:क्रेडिट कार्ड का चार्ज कम करने का दिया झांसा, लिंक भेजकर 49 हजार ठगे
