![]()
शहर में तीन पुलिया ओवरब्रिज के साथ बनाए जा रहे सर्विस रोड का निर्माण नर्मदा जलप्रदाय की पाइपलाइन में लीकेज के कारण अटक गया है। ओवरब्रिज के लिए बिजली के पोल शिफ्ट किए जा चुके हैं और पुलिस लाइन की जमीन भी सर्विस रोड के लिए उपलब्ध करा दी गई है। बड़े पेड़ों की छंटाई और नए पौधरोपण का काम भी हो चुका है। पुलिस लाइन का गेट तक तोड़ा जा चुका है, लेकिन पाइपलाइन से लगातार पानी रिसने के कारण सड़क का निर्माण आगे नहीं बढ़ पा रहा है। 190 मीटर लंबी और 7 मीटर चौड़ी बनेगी सड़क सेतु विकास निगम के सब इंजीनियर प्रतीक मंडलोई ने बताया कि करीब 190 मीटर लंबी और 7 मीटर चौड़ी सर्विस रोड बनाई जानी है। इसके बनने से गणेश तलाई, खोड़िया हनुमान क्षेत्र और आसपास के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। अभी लोगों को करीब 1 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे क्षेत्र की बड़ी आबादी प्रभावित हो रही है। नगर निगम के कार्यपालन यंत्री राधेश्याम उपाध्याय ने बताया कि पाइपलाइन को शिफ्ट कर दिया गया है। कुछ जगह कनेक्शन हैं, जिन्हें सुधार दिया जाएगा। 6 जगह से पानी का रिसाव, सड़क की मजबूती पर चिंता निर्माण एजेंसी के अनुसार सर्विस रोड के निर्माण वाले हिस्से में नर्मदा पाइपलाइन से करीब छह जगह पानी का रिसाव हो रहा है। लगातार पानी रिसने से सड़क की बेस और कांक्रीट की परत प्रभावित हो सकती है। इससे सड़क की मजबूती और उम्र पर असर पड़ने की आशंका है। इसी वजह से निर्माण कंपनी ने लीकेज ठीक होने तक कांक्रीट वर्क शुरू करने से इनकार किया है। कंपनी का कहना है कि पहले पाइपलाइन की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है। इसके बाद ही सड़क का काम तेजी से आगे बढ़ सकेगा। बिजली पोल शिफ्ट, पुलिस लाइन की जमीन भी मिली तीन पुलिया फ्लाईओवर के सर्विस रोड के निर्माण में बिजली के पोल और पुलिस लाइन की जमीन बड़ी बाधाएं थीं। बिजली कंपनी पोल शिफ्टिंग का काम पूरा कर चुकी है। इससे सड़क निर्माण का रास्ता काफी हद तक साफ हो गया है। पुलिस लाइन के सामने सर्विस रोड के लिए पुलिस विभाग की जमीन भी निर्माण विभाग को उपलब्ध करा दी गई है। इसके लिए पुलिस लाइन का गेट तोड़ने का काम भी हो चुका है। सड़क निर्माण क्षेत्र में आने वाले बड़े पेड़ों की छंटाई की गई है और कुछ जगह नए पौधे भी लगाए गए हैं। मई में मिली जमीन, अब पाइपलाइन बनी अड़चन तीन पुलिया फ्लाईओवर के सर्विस रोड के लिए पुलिस लाइन के पास की जमीन मई 2026 में निर्माण विभाग को लिखित रूप से उपलब्ध कराई गई थी। इसके बाद बिजली पोल शिफ्टिंग, पेड़ों की छंटाई और अन्य बाधाओं को दूर किया गया। अब मुख्य अड़चन नर्मदा पाइपलाइन का लीकेज है। निर्माण एजेंसी का कहना है कि पाइपलाइन का पानी पूरी तरह बंद हुए बिना सड़क का काम शुरू किया गया तो भविष्य में सड़क खराब होने का खतरा रहेगा। इसलिए पहले निगम को लीकेज ठीक करना होगा। रेलवे पोर्शन का काम भी धीमा तीन पुलिया फ्लाईओवर का रेलवे पोर्शन भी धीमी गति से चल रहा है। रेलवे हिस्से में गर्डर का काम पूरा नहीं होने से पूरा प्रोजेक्ट तय गति से आगे नहीं बढ़ पा रहा है। फ्लाईओवर के लिए करीब 1296 मीटर लंबे हिस्से में तीन गुजों वाला निर्माण प्रस्तावित है। रेलवे हिस्से में काम के लिए अलग-अलग चरणों में डेडलाइन तय की गई थी, लेकिन समयसीमा आगे बढ़ती गई। अब सर्विस रोड से जुड़ी अन्य बाधाएं लगभग दूर हो चुकी हैं। ऐसे में नर्मदा पाइपलाइन का लीकेज जल्द ठीक होना जरूरी है, ताकि सर्विस रोड का निर्माण शुरू हो सके और ओवरब्रिज के आसपास यातायात व्यवस्था बेहतर हो।
Source link
पोल हटे, पेड़ छंटे लेकिन लीकेज नहीं सुधरे:नर्मदा पाइपलाइन के 6 लीकेज से सर्विस रोड का काम अटका
