![]()
लुधियाना के थाना जमालपुर के अंतर्गत आने वाले मुंडियां दशमेश कला इलाके में एक राजमिस्त्री से मोबाइल छीनकर भाग रहे आरोपी युवक को लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया। आरोपी के पास नशीला पदार्थ बरामद हुआ है। लोगों ने उसको पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया। मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महेश यादव राजमिस्त्री का काम करता है। कुछ दिन पहले जब वह काम खत्म कर अपने घर लौट रहा था, तभी एक युवक ने झपट्टा मारकर उसका मोबाइल छीन लिया और भागने लगा। महेश ने बिना हिम्मत हारे तुरंत आरोपी का पीछा किया और मदद के लिए शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए और आरोपी को चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। पकड़े जाने के बाद जब लोगों ने युवक की तलाशी ली, तो उसकी जेब से संदिग्ध नशीला पदार्थ और नशा करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई। इसके बाद घटना की सूचना तुरंत जमालपुर पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवक को हिरासत में ले लिया। शिकायत नहीं , बरामदगी के आधार पर कोर्ट में पेश किया पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान सुंदर नगर निवासी लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है। जांच अधिकारी गुर साहिब सिंह ने बताया कि पीड़ित महेश यादव की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। हालांकि, स्थिति और बरामद सामग्री को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कलंदरा तैयार कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
Source link
लुधियाना में मोबाइल छीनकर भाग रहे युवक को पकड़ा:आरोपी के पास से मिला नशा, शिकायत नहीं पर बरामदगी के आधार पर भेजा जेल
