Headlines

शाहजहांपुर में मकान के पास पहुंचा मगरमच्छ:वन विभाग ने 2 घंटे में पकड़ा, बल्ली से दबाकर किया काबू




शाहजहांपुर के खुदागंज थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक विशालकाय मगरमच्छ आबादी के बीच मकान के दरवाजे तक पहुंच गया। मकान के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा होने के कारण वह अंदर नहीं जा सका। मगरमच्छ को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ को पकड़ने का प्रयास शुरू किया। मगरमच्छ इतना बड़ा और ताकतवर था कि टीम को उसे काबू करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब दो घंटे बाद वनकर्मियों ने बल्ली की मदद से उसे दबाकर पकड़ लिया। मगरमच्छ के रेस्क्यू का वीडियो मंगलवार रात सामने आया। सैदपुर गांव में सुबह ग्रामीणों ने मकान के पास मगरमच्छ देखा। वह धीरे-धीरे मकान के दरवाजे तक पहुंच गया था। दरवाजे पर ताला लगा होने के कारण वह घर के अंदर नहीं जा सका। मगरमच्छ को आबादी के बीच देखकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी और उसके आने-जाने वाले रास्ते पर नजर बनाए रखी। दो घंटे तक काबू में नहीं आया, बल्ली से दबाकर पकड़ा वन विभाग की टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह बार-बार खुद को छुड़ाने का प्रयास करता रहा। उसकी विशाल कद-काठी के कारण उसे नियंत्रित करना आसान नहीं था। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने बल्ली की मदद से मगरमच्छ को दबाया और उसे सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। खुदागंज क्षेत्र में मगरमच्छ के आबादी में पहुंचने की यह लगातार दूसरी घटना है। सोमवार रात इसी थाना क्षेत्र के म्यूना गांव में भी एक मगरमच्छ रिहायशी इलाके में पहुंच गया था। सूचना पर वन विभाग की टीम ने देर रात उसका रेस्क्यू किया था। इसके बाद उसे कुचई घाट स्थित दोहा नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया था। लगातार दूसरे दिन मगरमच्छ मिलने से ग्रामीणों में डर का माहौल है। रिहायशी इलाकों में पहुंचने की आशंका ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश और नदियों में बढ़े जलस्तर के कारण मगरमच्छ आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच रहे हैं। खेतों और रिहायशी इलाकों में मगरमच्छ दिखाई देने से लोग डर के बीच रह रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से गांवों में गश्त बढ़ाने और ऐसे इलाकों पर नजर रखने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते निगरानी बढ़ाई गई तो आबादी में मगरमच्छों के पहुंचने की घटनाओं से होने वाले खतरे को कम किया जा सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *