![]()
कुवैत के एक प्रतिनिधि मंडल ने बुधवार को सोनीपत का दौरा किया। प्रतिनिधि मंडल में शामिल अधिकारियों ने हरियाणा में निवेश और सहयोग की संभावनाएं तलाशने के लिए भारत अंतर्राष्ट्रीय बागवानी बाजार (आईआईएचएम) गन्नौर का जायजा लिया। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल के साथ मुख्यमंत्री के सलाहकार पवन चौधरी और बागवानी विभाग के एचओडी अर्जुन सैनी भी मौजूद थे। हरियाणा अंतर्राष्ट्रीय बागवानी विपणन निगम लिमिटेड (एचआईएचएमसीएल) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहिंदर और कार्यकारी अभियंता विजेंद्र सिंह समेत निगम के अन्य अधिकारी भी उनके साथ रहे। इस दौरान हरियाणा सरकार के अधिकारियों ने कुवैत प्रतिनिधि मंडल को भारत अंतर्राष्ट्रीय बागवानी बाजार की वर्तमान विकास गतिविधियों, प्रस्तावित अत्याधुनिक अवसंरचना, विभिन्न सुविधाओं तथा भविष्य में बागवानी व्यापार एवं इससे जुड़ी गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किए जाने की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री के सलाहकार पवन चौधरी ने बताया कि राज्य सरकार के आधिकारिक दस्तावेजों के अनुसार गन्नौर में विकसित किया जा रहा आईआईएचएम फल, सब्जियों एवं अन्य शीघ्र खराब होने वाली बागवानी उपज के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की विपणन एवं संबद्ध सुविधाएं विकसित करने की महत्वाकांक्षी परियोजना है। व्यापार एवं विपणन शेड की सुविधाओं का किया अवलोकन दौरे के दौरान कुवैत के प्रतिनिधिमंडल को परिसर में विकसित किए जा रहे व्यापार एवं विपणन शेड का भी भ्रमण करवाया गया। हरियाणा अंतर्राष्ट्रीय बागवानी विपणन निगम लिमिटेड (एचआईएचएमसीएल) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहिंदर ने प्रतिनिधिमंडल को शेड की प्रमुख विशेषताओं, उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं, इनके संचालन एवं प्रस्तावित उपयोग तथा परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाजार परिसर में विकसित की जा रही एकीकृत सुविधाओं का उद्देश्य बागवानी उपज के व्यापार, विपणन, प्रबंधन तथा आपूर्ति व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाना है। उन्होंने बताया कि आईआईएचएम गन्नौर को आधुनिक एवं विश्वस्तरीय बागवानी बाजार के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य जारी है। हरियाणा सरकार द्वारा परियोजना को आधुनिक एवं विश्वस्तरीय बाजार के रूप में विकसित करने तथा किसानों और व्यापारियों को बेहतर बाजार एवं वैश्विक स्तर पर बिक्री के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। बागवानी, खाद्य प्रसंस्करण और लॉजिस्टिक्स में निवेश अवसरों पर चर्चा इस दौरान कुवैत प्रतिनिधिमंडल को हरियाणा में विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश संभावनाओं से भी अवगत करवाया गया। विशेष रूप से बागवानी, खाद्य प्रसंस्करण, लॉजिस्टिक्स तथा इससे जुड़े अन्य क्षेत्रों में निवेश एवं सहयोग के संभावित अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई। एचआईएचएमसीएल के अधिकारियों ने राज्य में विकसित की जा रही प्रमुख परियोजनाओं तथा आधुनिक बुनियादी ढांचे के संबंध में भी जानकारी सांझा की। कुवैत और हरियाणा के बीच सहयोग की संभावनाओं को मिला नया आयाम दौरे के दौरान कुवैत और हरियाणा के बीच संभावित निवेश एवं भविष्य में सहयोग के विभिन्न रास्तों को लेकर विचारों का सार्थक आदान-प्रदान हुआ। प्रतिनिधि मंडल ने आईआईएचएम गन्नौर की क्षमता, पैमाने, आधुनिक सुविधाओं और निवेश की संभावनाओं को समझने में रुचि दिखाई। इस अवसर ने दोनों पक्षों के बीच बागवानी व्यापार, खाद्य प्रसंस्करण, विपणन और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में संभावित सहयोग के लिए संवाद का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया। एचआईएचएमसीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहिंदर ने बताया कि कुवैत प्रतिनिधिमंडल का यह दौरा हरियाणा के बागवानी क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय निवेश एवं सहयोग की संभावनाओं को समझने तथा आईआईएचएम गन्नौर की क्षमताओं को वैश्विक निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
Source link
कुवैत प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा में निवेश की संभावनाएं तलाशी:गन्नौर के अंतर्राष्ट्रीय बागवानी बाजार का दौरा किया, खाद्य प्रसंस्करण और लॉजिस्टिक्स पर हुई चर्चा
