Headlines

समस्तीपुर में बाइक सवार बदमाशों ने युवक को गोली मारी:दोस्त के साथ सब्जी मंडी से घर लौट रहा था, रास्ते में बदमाशों ने घेरा




समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम थाना इलाके में बुधवार देर शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने एक युवक को पैर में गोली मारकर घायल कर दिया। घायल युवक की पहचान आधारपुर गांव के उमेश सिंह के बेटे सोनू कुमार के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना जोगिया मठ के पास हुई। सोनू अपने दोस्त के साथ बाइक से सब्जी मंडी से घर लौट रहा था। तभी पीछे से आए बाइक सवार दो लोगों ने उस पर गोली चला दी। सोनू के अनुसार, हमलावरों ने अपना चेहरा मास्क और कपड़े से छिपा रखा था। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने सोनू को अस्पताल पहुंचाया। कर्पूरीग्राम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की है। पुराने विवाद में हत्या की धमकी देने का आरोप
घायल सोनू ने पुलिस को बताया कि उसका पूर्व में कुंदन नामक व्यक्ति के साथ विवाद हुआ था। विवाद के बाद उसे हत्या की धमकी भी दी गई थी। सोनू का आरोप है कि इसी पुराने विवाद को लेकर उस पर हमला किया गया है। घायल ने हमलावरों को शरीर और हुलिए से पहचानने का दावा किया है। उसने बताया कि इस विवाद को लेकर पूर्व में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी।
घटना के बाद पुलिस अब पुराने विवाद और पूर्व में दर्ज प्राथमिकी से जुड़े बिंदुओं को भी जांच के दायरे में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में शामिल दोनों हमलावर कौन थे और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या है।
हमलावरों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी
इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि गोलीबारी की घटना की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ के साथ-साथ आरोपितों की पहचान और उनके संभावित ठिकानों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *