चंडीगढ़ | सेक्टर-23 की मार्केट से ऑपरेशन सेल की टीम ने कोकीन की तस्करी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जीरकपुर निवासी 34 वर्षीय राकेश कुमार उर्फ करण के रूप में हुई है। उसके पिट्ठू बैग से सफेद-भूरे रंग का पाउडरनुमा नशीला पदार्थ बरामद हुआ, जिसकी मोबाइल फोरेंसिक एक्सपर्ट से जांच कराने पर कोकीन होने की पुष्टि हुई। ऑपरेशन सेल की शिकायत पर सेक्टर-17 थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ऑपरेशन सेल की टीम 4 अक्टूबर की रात इलाके में गश्त के साथ संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। रात करीब पौने 11 बजे टीम एक बूथ के पास पहुंची। इसी दौरान बैग टांगे एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिसवालों को देखकर वह घबरा गया और अचानक पीछे मुड़कर तेजी से भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी ने बैग कंधे से उतारकर दूर फेंकने की कोशिश की। बैग की तलाशी लेने पर उसमें नशीला पदार्थ मिला। मौके पर मोबाइल फोरेंसिक एक्सपर्ट को बुलाकर जांच करवाई गई।
Source link
पुलिस को देखते ही युवक भागा, पीछे फेंका बैग… मिली कोकीन
