![]()
पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने मुख्यमंत्री के कैंप ऑफिस समेत अन्य स्थानों पर सीबीआई द्वारा की गई छापेमारी को लेकर केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र द्वारा राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। कोटकपूरा में बातचीत करते हुए संधवां ने कहा कि देश में जब भी किसी राज्य में विधानसभा चुनाव नजदीक आते हैं। वहां विपक्षी दलों के नेताओं के खिलाफ ईडी और सीबीआई जैसी जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो जाती है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कई राज्यों में चुनावों से पहले इसी तरह का माहौल देखने को मिला है और अब पंजाब में भी यही स्थिति पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष पंजाब में विधानसभा चुनाव होने हैं और इसी के चलते भाजपा की ओर से ईडी और सीबीआई के माध्यम से अपनी चुनावी मुहिम शुरू करने की कोशिश की जा रही है। स्पीकर संधवां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नेतृत्व के इशारे पर केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाइयों के जरिए आम आदमी पार्टी या पंजाब सरकार को डराया नहीं जा सकता। उन्होंने आप नेता अरविंद केजरीवाल के खिलाफ ईडी की कार्रवाई का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी जांच एजेंसी की कार्रवाई के बावजूद कुछ सामने नहीं आया। ऐसे ही पंजाब में भी सीबीआई की कार्रवाई से भी कुछ हासिल नहीं होने वाला। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को केंद्रीय जांच एजेंसियों की ऐसी कार्रवाइयों से डराया नहीं जा सकता। पंजाब के लोग भी इस तरह की राजनीतिक कार्रवाई को समझते हैं और आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देंगे। संधवां ने कहा कि पंजाब सरकार जनहित के मुद्दों पर काम कर रही है और जांच एजेंसियों की कार्रवाई से सरकार और पार्टी के नेता पीछे हटने वाले नहीं हैं।
Source link
सीबीआई छापेमारी पर स्पीकर संधवां का भाजपा पर तीखा हमला:कहा- चुनावों में केंद्र विपक्षी नेताओं को बनाती है निशाना
