Headlines

स्वयं को पाकिस्तानी बताने वाला निकला यूपी का युवक:पुलिस ने परिजन को सौंपा, बोली- मानसिक रूप से बीमार है; रावलपिंडी का हामिद अंसारी बता रहा था नाम




जबलपुर में बुधवार सुबह व्हीकल फैक्ट्री क्षेत्र में घूम रहे 32 वर्षीय युवक ने खुद को पाकिस्तान के रावलपिंडी का हामिद अंसारी बताया। उसने उर्दू में बात की और पाकिस्तान के शहरों, गलियों और वहां बनने वाले पकवानों के बारे में बताया। स्थानीय लोगों को शक होने पर रांझी और घमापुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। जांच में युवक की पहचान उत्तरप्रदेश के हरदौल निवासी शिवम पाठक के रूप में हुई। रांझी थाना पुलिस ने बुधवार रात शिवम को उसके परिवार को सौंप दिया। पुलिस ने उसे दोबारा इस तरह की गलती नहीं करने की सख्त हिदायत दी। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि शिवम मानसिक रूप से कमजोर है, हालांकि वह पढ़ा-लिखा है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि उसने खुद को पाकिस्तान का निवासी क्यों बताया था। शिवम के भाई सत्यम के मुताबिक, वह पिछले कुछ सालों से मानसिक रूप से परेशान है और अक्सर बिना बताए घर से चला जाता है। परिवार के लोग उसकी तलाश करते हैं। हाल ही में उसे राजस्थान से तलाश कर वापस लाया गया था। 10 दिन पहले घर से निकला था रांझी सीएसपी सतीश साहू ने बताया कि शिवम के भाई सत्यम के अनुसार, वह करीब 10 दिन पहले बिना बताए घर से चला गया था। परिवार ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन नहीं मिलने पर स्थानीय थाने में उसके गुम होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस पूछताछ में शिवम ने बताया कि वह ट्रेन से जबलपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा था। इसके बाद घूमते हुए व्हीकल फैक्ट्री क्षेत्र तक पहुंच गया। उर्दू में बात करने पर हुआ शक जबलपुर के कांचघर निवासी आशीष प्रजापति ने बताया कि बुधवार सुबह व्हीकल क्षेत्र में घूमते समय शिवम मंदिर के पास गया और उर्दू में बात कर रहा था। उसने पाकिस्तान में बनने वाले पकवानों के बारे में बताया। उसने पाकिस्तान के शहरों और गलियों के नाम भी बताए। आशीष के मुताबिक, शिवम की बातों और व्यवहार को देखकर लोगों को लगा कि वह पाकिस्तान का संदिग्ध युवक है। इसके बाद रांझी और घमापुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। आशीष ने बताया कि शिवम मंदिर के सामने अर्धनग्न हालत में आयत और नमाज पढ़ रहा था। स्थानीय लोगों ने उसकी गतिविधियों को देखकर पुलिस को सूचना दी थी। परिवार का नाम और मोबाइल नंबर बताया स्थानीय लोगों का कहना था कि अगर शिवम यूपी का रहने वाला है तो उसने खुद को पाकिस्तान का निवासी क्यों बताया। यह सवाल भी उठाया गया कि अगर वह मानसिक रूप से कमजोर है तो पुलिस पूछताछ में उसने अपने परिवार के सदस्यों के नाम और मोबाइल नंबर कैसे बताए। पुलिस उस जगह के आसपास भी पूछताछ कर रही है, जहां बुधवार सुबह शिवम घूमता मिला था। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने खुद को पाकिस्तानी क्यों बताया था। सीएसपी सतीश साहू ने बताया कि पूछताछ के बाद युवक से उसका पता और मोबाइल नंबर लेकर परिवार को सौंप दिया गया। डॉक्टरों की जांच में भी शिवम के मानसिक रूप से बीमार होने की बात सामने आई है। जबलपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जब तक पूरी स्थिति स्पष्ट न हो, तब तक किसी व्यक्ति के बारे में कोई बात कहना ठीक नहीं है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *