![]()
बीकानेर के रानी बाजार स्थित अपेक्स अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के बाद महिला मरीज की मौत पर बुधवार रात हंगामा हो गया। आक्रोशित परिजनों ने ऑपरेशन करने वाले सीनियर डॉक्टर और कांग्रेस नेता डॉ. तनवीर मालावत के साथ मारपीट की। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर आक्रोशित लोगों को डॉक्टर के केबिन से बाहर निकाला। घटना की सूचना पर कोटगेट पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अब तक एफआईआर नहीं हुई है। एक दिन पहले हुआ था पथरी का ऑपरेशन मामला रानी बाजार स्थित अपेक्स अस्पताल का है। यहां लूणकरनसर की रहने वाली रुकसाना बानो का एक दिन पहले पथरी का ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई और बुधवार शाम उनकी मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित परिजन ऑपरेशन करने वाले डॉ. तनवीर मालावत के पास पहुंचे और मारपीट करने लगे। पार्षद नवल पुरोहित सहित कई लोगों ने बीच-बचाव कर मारपीट कर रहे लोगों को रोकने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद डॉक्टर को केबिन से बाहर निकाला गया। अस्पताल में अचानक हुए घटनाक्रम से अफरातफरी मच गई। अन्य मरीजों के परिजन भी मौके पर एकत्र हो गए। डॉ. मालावत बोले- ऑपरेशन के 24 घंटे बाद दर्द और घबराहट हुई डॉ. तनवीर मालावत ने बताया कि रुकसाना के गॉल ब्लेडर में पथरी थी, जिसे ऑपरेशन कर बाहर निकाला गया था। ऑपरेशन के 24 घंटे बाद महिला ने दर्द और घबराहट की शिकायत की। वार्ड में डॉक्टर ने ईसीजी कर कार्डियोलॉजिस्ट को भेजी थी। इसके बाद इको किया गया। पल्स रेट ज्यादा आ रहा था, इसलिए उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया। वहां अलग टीम होती है, जो उसकी देखरेख कर रही थी। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। डॉ. मालावत ने बताया कि मरीज को चिरंजीवी योजना के तहत भर्ती किया गया था। उन्होंने कहा कि आज एफआईआर करवाने के बारे में निर्णय लिया जाएगा। बीकानेर पूर्व से कांग्रेस प्रत्याशी रह चुके हैं मालावत डॉ. तनवीर मालावत बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी रह चुके हैं। वे राजनीति के साथ सर्जन भी हैं और खासकर पथरी व फिशर के ऑपरेशन के लिए पहचान रखते हैं। जिस अपेक्स अस्पताल में यह हंगामा हुआ, इसी परिसर में वे पहले अपना स्वयं का डॉ. तनवीर मालावत अस्पताल संचालित करते थे। घटना से चिकित्सक संगठनों में भी आक्रोश घटना के बाद बीकानेर के चिकित्सक संगठनों में भी आक्रोश है। दोपहर में अगर डॉ. मालावत एफआईआर करवाते हैं तो चिकित्सक संगठन भी उनके साथ आ सकते हैं। बीकानेर में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और प्राइवेट डॉक्टर्स एसोसिएशन सक्रिय हैं। दोनों संगठनों के पदाधिकारी आज दोपहर डॉ. मालावत से मुलाकात करेंगे। इसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।
Source link
डॉक्टर-कांग्रेस नेता से हॉस्पिटल में मारपीट:पथरी के ऑपरेशन के बाद महिला की मौत पर हंगामा, लोगों ने किया बीच-बचाव
