![]()
बस्तर की मिट्टी से निकलकर मायानगरी की चमक तक पहुंचने वाली निहारिका तिवारी इन दिनों सुर्खियों में हैं। छोटे से शहर गीदम से शुरू हुआ उनका सफर अब देश के बड़े रियलिटी शो तक पहुंच चुका है। कभी एमटीवी रोडीज में नजर आईं, फिर एमटीवी स्प्लिट्सविला से अपनी अलग पहचान बनाई और अब राइज एंड फॉल में अपने बेबाक अंदाज और दमदार प्रस्तुति से दर्शकों का ध्यान खींच रही हैं। निहारिका की कहानी सिर्फ ग्लैमर, कैमरा और रियलिटी शो की नहीं है। यह उस लड़की की कहानी है, जिसने बस्तर के छोटे शहर से निकलकर बड़े सपने देखे और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार आगे बढ़ती रहीं। रोडीज से हुआ टेलीविजन की दुनिया में आगाज निहारिका तिवारी के टेलीविजन सफर की शुरुआत एमटीवी रोडीज से हुई। देश के चर्चित युवा रियलिटी शो का हिस्सा बनना उनके लिए बड़ा मौका साबित हुआ। गीदम जैसे छोटे शहर से निकलकर राष्ट्रीय टेलीविजन के मंच तक पहुंचना आसान नहीं था। लेकिन निहारिका ने अपने आत्मविश्वास और बेबाक व्यक्तित्व के दम पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। रोडीज के बाद उनके लिए मनोरंजन की दुनिया के दरवाजे और खुलते गए और उन्हें नए अवसर मिलने लगे। स्प्लिट्सविला ने दिलाई अलग पहचान रोडीज के बाद निहारिका ने एमटीवी स्प्लिट्सविला का रुख किया। यहां उनके बेबाक अंदाज, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा। स्प्लिट्सविला ने उन्हें सिर्फ एक और रियलिटी शो का अनुभव नहीं दिया, बल्कि दर्शकों के बीच उनकी पहचान को और मजबूत किया। शो के दौरान रॉड्रिग्ज से जुड़े उनके समीकरण और सफर भी चर्चा में रहे। इसके बाद सोशल मीडिया पर भी निहारिका को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ी और उनके प्रशंसकों का दायरा लगातार बड़ा होता गया। तेज अंदाज को देखकर उनके प्रशंसकों ने उन्हें तीखी मिर्च का भी टाइटल दे दिया है। अब राइज एंड फॉल में दिखा रहीं दम निहारिका तिवारी अब राइज एंड फॉल में नजर आ रही हैं। इस शो में भी उन्होंने अपनी मौजूदगी का दमदार एहसास कराया है। खास तौर पर उनकी कैप परफॉर्मेंस ने दर्शकों का ध्यान खींचा। प्रस्तुति के दौरान उनका आत्मविश्वास, ऊर्जा और अंदाज देखने लायक रहा। गीदम से मुंबई तक, और अब राष्ट्रीय मंच निहारिका की कहानी इसलिए खास है, क्योंकि इसकी शुरुआत किसी बड़े महानगर से नहीं बल्कि गीदम, दंतेवाड़ा से हुई। 10वीं तक की पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय दंतेवाड़ा से हुई है। बस्तर जैसे क्षेत्र से निकलकर मुंबई की मनोरंजन इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। निहारिका की यात्रा उन युवाओं के लिए भी उम्मीद की कहानी है, जो छोटे शहरों में रहते हुए बड़े सपने देखते हैं। आज जब वह राष्ट्रीय टेलीविजन पर नजर आती हैं, तो उनके साथ गीदम और बस्तर का नाम भी देश के सामने आता है। मां श्यामा तिवारी को बेटी पर नाज निहारिका की इस कामयाबी के पीछे परिवार का विश्वास भी अहम रहा है। उनकी मां श्यामा तिवारी अपनी बेटी की उपलब्धियों पर गर्व महसूस करती हैं। बेटी को देश के बड़े मनोरंजन मंचों तक पहुंचते देखना परिवार के लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। बस्तर की बेटियों के लिए बन रहीं मिसाल निहारिका तिवारी का सफर अब सिर्फ रियलिटी शो तक सीमित नहीं रह गया है। वह बस्तर की उन बेटियों के लिए प्रेरणा बन रही हैं, जो अपनी प्रतिभा को बड़े मंच पर देखना चाहती हैं।
Source link
बस्तर की निहारिका ने रोडीज और स्प्लिट्सविला से बनाई पहचान:अब राइज एंड फॉल में दिखा रहीं दम, तीखी मिर्च का भी कहते प्रशंसक
