Headlines

डबवाली में वोट चोरी आंदोलन से पहले किसान नेता नजरबंद:राकेश फगोड़िया बोले- आवाज दबाने की कोशिश, दिल्ली जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ता भी रोके




सिरसा जिले के डबवाली में किसान नेता राकेश फगोड़िया को जंतर-मंतर पर होने वाले ‘वोट चोरी के खिलाफ’ आंदोलन से पहले उनके घर पर नजरबंद कर दिया गया है। फगोड़िया ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने की कोशिश बताया। फगोड़िया के मुताबिक, इस आंदोलन में किसान, मजदूर, नौजवान और छात्र एकजुट होकर मताधिकार की रक्षा और निष्पक्ष चुनाव की मांग करेंगे। उनकी मुख्य मांगों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा और उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करना शामिल है। आंदोलनकारी मतदाता सूची से हटाए गए वास्तविक मतदाताओं के नाम दोबारा जोड़ने की मांग कर रहे हैं। वे मतदाता सूची की जांच प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और हर नागरिक के मताधिकार की रक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग कर रहे हैं। फगोड़िया ने सवाल उठाया कि लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए आवाज उठाने वालों को नजरबंद क्यों किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नेताओं को घरों में कैद करके या पुलिस के पहरे से जनता की आवाज को खामोश नहीं किया जा सकता। दमन से नहीं रुकेगा संघर्ष किसान नेता ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का वोट उसकी आवाज और लोकतंत्र की बुनियाद है। मताधिकार पर किसी भी तरह का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नजरबंदी और अन्य दबाव के तरीकों के बावजूद किसान, मजदूर, नौजवान और छात्र अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे।

फगोड़िया ने कहा कि मतदाता सूची में पारदर्शिता, वास्तविक मतदाताओं के नामों की बहाली और निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि “इंकलाब की आवाज को पहरे में कैद नहीं किया जा सकता।” वोट चोरी के खिलाफ जारी रहेगा संषर्ष : भूपेंद्र शर्मा वहीं, कांग्रेस नेता भूपेंद्र शर्मा ने कहा है कि वोट चोरी के आरोपों के खिलाफ कांग्रेस और INDIA गठबंधन का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और INDIA गठबंधन के दिल्ली में हो रहे प्रदर्शन का समर्थन किया। शर्मा ने बताया कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए यह संघर्ष आगे भी चलेगा। उन्होंने जोर दिया कि लोकतंत्र में जनता के वोट की ताकत सबसे ऊपर है। हर नागरिक को अपने मताधिकार से सरकार चुनने का अधिकार है। यदि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं, तो उनका सही हल निकलना चाहिए। राहुल गांधी के नेतृत्व में उठ रही इस आवाज को दबाया नहीं जा सकता। भूपेंद्र शर्मा अपने साथियों के साथ सुबह दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वे वहां वोट चोरी के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव और मताधिकार का सम्मान लोकतंत्र को मजबूत बनाता है। यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा पक्की नहीं होती। दिल्ली जा रहे युवा कार्यकर्ताओं को रोका, हिरासत में लिया इसके अलावा, शुक्रवार को डबवाली से दिल्ली जा रहे कांग्रेस नेताओं और युवा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोककर हिरासत में ले लिया। वे राहुल गांधी के समर्थन में और कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे। जग्गा सिंह बराड़ ने बताया कि पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोका। इसके विरोध में कार्यकर्ताओं ने मौके पर बैठकर प्रदर्शन किया। पैदल दिल्ली की ओर बढ़ने पर पुलिस उन्हें मंडी डबवाली के सिटी थाने ले गई। बराड़ ने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक अधिकार है। इस दौरान सगनदीप सिंह, समनदीप बराड़, भोला सिंह और विक्की भाऊ समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए ट्रेनों के चलने पर भी असर पड़ा। बराड़ ने प्रशासन से रेल सेवाओं की स्थिति साफ करने और ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर निष्पक्ष जांच की मांग की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *