Headlines

झज्जर में देसी पिस्तौल के साथ युवक गिरफ्तार:पुलिस को देख भागने की कोशिश; CIA-1 टीम ने पीछा कर दबोचा




झज्जर जिला पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को देसी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आकाश निवासी आसौदा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-6 बहादुरगढ़ में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, पुलिस उपायुक्त क्राइम शुभम सिंह के दिशा-निर्देशन में CIA-1 बहादुरगढ़ की टीम अपराध जांच और गश्त पर थी। टीम पीडीएम कॉलेज के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आकाश अवैध हथियार लेकर बहादुरगढ़-बेरी रोड स्थित पीडीएम पुल के नीचे खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस को देखकर आरोपी ने वहां से भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे कुछ दूरी पर काबू कर लिया। तलाशी में मिला देसी पिस्तौल पुलिस ने नियमानुसार आरोपी की तलाशी ली, तो उसके कब्जे से एक देसी पिस्तौल बरामद हुई। हथियार का लाइसेंस या परमिट मांगे जाने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। CIA-1 प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-6 बहादुरगढ़ में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *