.
पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रोटेस्ट से जुड़ी है। चंडीगढ़ में प्रदर्शन कर रहे AAP नेताओं को हिरासत में लिया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने PM मोदी के खिलाफ नारेबाजी की।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. मनीष सिसोदिया, 2 मंत्री हिरासत में

चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी (AAP) नेताओं ने SIR के विरोध में राज्य चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। पुलिस ने मनीष सिसोदिया, मंत्री हरपाल सिंह चीमा, मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां समेत AAP के सैकड़ों नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
सभी नेताओं को बस में भरकर सेक्टर-17 पुलिस स्टेशन ले जाया गया। इस दौरान नेताओं ने PM नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी सुबह करीब 10 बजे रोष मार्च निकालते हुए चुनाव कार्यालय का घेराव करने के लिए आगे बढ़ रहे थे। पुलिस ने पहले से बैरिकेडिंग कर रास्ता रोक रखा था। प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने की कोशिश की तो वहां धक्कामुक्की शुरू हो गई। करीब 12 बजे पुलिस ने नेताओं को हिरासत में ले लिया और करीब 2 घंटे बाद यानी 2 बजे सभी नेताओं को छोड़ दिया। (पढ़ें पूरी खबर)
2. परगट सिंह ने CM पद पर दावेदार की

पंजाब कांग्रेस के नए प्रधान परगट सिंह ने मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। एक चैनल से बातचीत में उन्होंने खुद को मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल बताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा और विधायक सुखपाल सिंह खैरा का नाम भी लिया।
परगट सिंह ने कहा कि कांग्रेस में इतने चेहरे हैं कि हर कोई मुख्यमंत्री बनने की क्षमता रखता है। हालांकि, उन्होंने किसी एक नेता को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करने के बजाय सामूहिक नेतृत्व पर जोर दिया और कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। परगट सिंह 11 अक्टूबर को पंजाब कांग्रेस प्रधान के रूप में अपना कार्यभार संभालेंगे। (पढ़ें पूरी खबर)
3. कार लूटकर भागे लुटेरों को पलवल में एनकाउंटर

चंडीगढ़ के सेक्टर-46 में पुलिस बीट बॉक्स के सामने दुकानदार से गन पॉइंट पर स्विफ्ट डिजायर कार लूटकर भागे चार बदमाशों का हरियाणा के पलवल में पुलिस एनकाउंटर हो गया। CIA को सूचना मिली थी कि कुछ शूटर कार में भाग रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने पलवल से उनका पीछा किया।
KMP एक्सप्रेस-वे पर करीब 15 किलोमीटर दूर छपरौला गांव में लुटेरों ने अपनी कार जंगल की ओर मोड़ दी, जिसके बाद करीब 5km दूर खेतों में पुलिस ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में 2 बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि उनके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपी पंजाब के पटियाला जिले के बरवाला क्षेत्र के रहने वाले हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
4. ISI को सूचनाएं भेजने वाली महिला गिरफ्तार

सेना की गोपनीय सूचनाएं पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और सेना तक पहुंचाने के आरोप में फरीदकोट की एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। मामले में भारत-चीन सीमा पर तैनात दो सैन्यकर्मियों को भी नामजद किया गया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट, 1923 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान हरिंदरा नगर निवासी गुरनूर सिद्धू के रूप में हुई है। असल में महिला मूल रूप से फिरोजपुर की निवासी है और उसने फरीदकोट की निवासी होने के जाली दस्तावेज तैयार करवाए हुए हैं। फरीदकोट की खुफिया व सुरक्षा एजेंसियों द्वारा भी मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
वहीं, नामजद आरोपियों की पहचान सैन्यकर्मी मोगा के गांव खुखराना निवासी दिलप्रीत सिंह पुत्र गुरजंट सिंह और तरनतारन के गांव रसूलपुर निवासी राजबीर सिंह पुत्र निर्मल सिंह के रूप में हुई है। (पढ़ें पूरी खबर)
5. ट्रेन मैनेजर को डंडा मारने वाला सुपरिटेंडेंट सस्पेंड

जालंधर के लोहियां खास रेलवे स्टेशन पर ट्रेन मैनेजर के सिर पर डंडा मारने के मामले में रेलवे विभाग ने शनिवार को स्टेशन सुपरिटेंडेंट यशवंत सिंह को सस्पेंड कर दिया। ऑल इंडिया गार्ड यूनियन के विरोध के बाद रेलवे ने घटना की जांच के लिए 2 सदस्यीय उच्च स्तरीय कमेटी भी गठित की है।
मामला जालंधर स्थित लोहियां खास रेलवे स्टेशन का है। गुरुवार सुबह फिरोजपुर रेल मंडल से जम्मू जा रही बीटीपीएन ट्रेन लोहियां खास रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। ट्रेन को आगे रवाना करने को लेकर कंट्रोल रूम या स्टेशन मास्टर की तरफ से कोई स्पष्ट संदेश नहीं मिल रहा था।
ट्रेन मैनेजर रवि वॉकी-टॉकी के जरिए लगातार स्टेशन सुपरिटेंडेंट से दिशा-निर्देश मांग रहे थे, लेकिन उधर से कोई जवाब नहीं मिल रहा था। जब वह स्टेशन सुपरिटेंडेंट के पास पहुंचे तो कहासुनी हुई और यह घटना हो गई। (पढ़ें पूरी खबर)
6. ₹80 हजार रिश्वत लेता ASI गिरफ्तार

पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने फरीदकोट जिले के थाना सदर में तैनात सहायक उप-निरीक्षक (ASI) गुरबख्श सिंह को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस अधिकारी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना फिरोजपुर रेंज में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विजिलेंस ब्यूरो के पास फरीदकोट जिले के गांव घुगियाना के रहने वाले लक्खा सिंह (पुत्र दलोर सिंह) ने एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि थाना सदर फरीदकोट में उसके खिलाफ एक मुकदमा दर्ज था। इस मुकदमे को रद्द करवाने और जांच में मदद करने के एवज में थाना सदर में तैनात ASI गुरबख्श सिंह ने उनसे रिश्वत की मांग की थी। (पढ़ें पूरी खबर)
7. बेटी की मौत के सदमे में पिता ने सुसाइड किया

तरनतारन की एक लड़की की अर्मेनिया में मौत का सदमा उसके पिता सहन नहीं कर पाए। इसके बाद पिता ने भी जहर खाकर जान दे दी। परिवार का आरोप है कि बेटी को इटली भेजने के नाम पर एक महिला और उसके परिवार ने साढ़े 3 लाख रुपए लिए थे, लेकिन उसे इटली के बजाय अर्मेनिया भेज दिया गया।
वहां बेटी की मौत हो गई। इसके बाद बेटी का पासपोर्ट गुम करने और पैसे वापस करने को लेकर भी विवाद हो गया। इससे परेशान पिता ने 5 अक्टूबर को कोई जहरीली दवा खा ली। इसके बाद इलाज के दौरान 6 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान कुलवंत सिंह निवासी गांव लोहुका के नाम से हुई। पत्नी सरबजीत कौर ने तीन लोगों के खिलाफ शिकायत दी। कार्रवाई न होने पर उन्होंने 10 अक्टूबर को धरने की चेतावनी थी, लेकिन पुलिस ने रात में ही केस दर्ज कर लिया। (पढ़ें पूरी खबर)
8. प्रशासक कटारिया की फटकार के बाद एक्शन, मंडी सचिव बदले

चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित सब्जी मंडी की बदहाल व्यवस्था को लेकर प्रशासक गुलाब चंद कटारिया की फटकार के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड ने सचिव राजिंदर कुमार को हटा दिया है। उनकी जगह पूर्व सचिव मनोज शर्मा को दोबारा जिम्मेदारी सौंप दी है।
ड्यूटी में लापरवाही बरतने, देर से कार्यालय पहुंचने और गैरहाजिर रहने वाले कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की तैयारी है। मंडी में सुधार कार्य नवरात्र से शुरू करने की योजना है।
प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने गुरुवार को मंडी का औचक दौरा कर पैदल निरीक्षण किया था। इस दौरान टूटी सड़कों, बदहाल सीवरेज और सफाई व्यवस्था की स्थिति देखकर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई थी। उन्होंने नगर निगम और इंजीनियरिंग विभाग को बुनियादी सुविधाएं जल्द दुरुस्त करने और विकास कार्य तय समय सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए थे। (पढ़ें पूरी खबर)
9. AAP पार्षद का निधन, अगले महीने बेटे की शादी

लुधियाना के वार्ड नंबर-47 से आम आदमी पार्टी (AAP) की पार्षद उषा रानी कल्याण का शनिवार को कैंसर के चलते निधन हो गया। उन्होंने डीएमसी अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। उनके निधन से इलाके और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, पार्षद उषा कालिया के 3 बेटे हैं। परिवार में इन दिनों खुशियों का माहौल था, क्योंकि उनके एक बेटे की शादी अगले महीने में तय है। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। मां का साया अचानक उठ जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके
10. एक चोटी बांधकर पहुंची छात्रा को हाथों पर चलवाया

जालंधर के टैगोर इंटरनेशनल स्कूल में एक टीचर ने तीसरी कक्षा की छात्रा को एक अजीब सा कारण बताकर बड़ी सजा दे दी। टीचर पर आरोप है कि उसने छात्रा को हाथों पर पैर रखकर चलवाया। उसे क्लासमेट्स के सामने जलील किया।
छात्रा के परिजन का कहना है कि लड़की इस ट्रॉमा के कारण 2 दिन तक ठीक से सो भी नहीं पाई। जब उससे पूछा गया कि टीचर ने सजा क्यों दी, तो उसने बताया कि उसे बाल बांधने की सजा मिली थी। छात्रा का कहना है कि वह बालों में एक चोटी बांधकर स्कूल पहुंची थी। टीचर ने उसे दो चोटी बांधने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर उसे सजा दी गई।
परिजन का कहना है कि इससे बच्ची की तबीयत बिगड़ गई। मामले में परिजनों ने पुलिस को 2 अध्यापिकाओं के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है और बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
