![]()
हवा में उड़ते राक्षस, आग की लपटें और युद्ध के रोमांचक दृश्य… भावना एस्टेट में शनिवार को जनकपुरी महोत्सव के मंच पर रामायण का ऐसा चित्रण हुआ कि दर्शक डेढ़ घंटे तक नजरें टिकाए बैठे रहे। आधुनिक तकनीक, रोशनी, ध्वनि और कलाकारों के अभिनय ने रामकथा के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। लंका दहन से लेकर श्रीराम और माता जानकी के विवाह तक के ने दर्शकों को आकर्षित किया। जनकदुलारी की विदाई के बाद ‘रघुवंशी रघुनंदन’ नाटक के मंचन से महोत्सव का माहौल फिर राममय हो गया। लाडी संगीत मेकर की ओर से प्रस्तुत इस नाटक में बॉलीवुड कलाकारों ने रामायण के प्रमुख पात्रों की भूमिका निभाई। श्रीराम के रूप में गौरव खन्ना, लक्ष्मण के रूप में राजन मोदी और माता सीता के रूप में प्राची नजर आईं। बिंदु दारा सिंह ने हनुमान और आर्यन बब्बर ने रावण की भूमिका निभाई। कलाकारों के संवाद, हाव-भाव और दमदार अभिनय ने कथा के अलग-अलग प्रसंगों को प्रभावशाली बनाया। आधुनिक तकनीक से साकार हुए युद्ध के दृश्य नाटक में उड़ते राक्षसों और आग की लपटों के विशेष प्रभाव आकर्षण का केंद्र रहे। रंग-बिरंगी रोशनी, ध्वनि और पार्श्व संगीत के साथ मंच पर तेजी से बदलते दृश्यों ने युद्ध के प्रसंगों को रोमांचक बना दिया। लंका दहन के दृश्य में आग और रोशनी के इस्तेमाल ने दर्शकों का ध्यान खींचा। वहीं, भव्य राजमहलों और युद्धभूमि के दृश्यों ने रामायण के प्रसंगों को मंच पर जीवंत कर दिया। श्रीराम और माता जानकी के विवाह का दृश्य भी विशेष आकर्षण रहा। दीपों की रोशनी से सजे मंच पर विवाह का दृश्य देखने के लिए दर्शक उत्सुक नजर आए। आयोजन समिति ने सहयोगियों का जताया आभार जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सदस्यों और महिला समिति का आभार जताया। उन्होंने कहा कि महोत्सव की भव्यता सभी के सामूहिक प्रयास, समर्पण और सनातन संस्कृति के प्रति श्रद्धा का परिणाम है। उन्होंने राजा दशरथ संजय सिंघल, रानी कौशल्या, राजा जनक अशोक कुमार गोयल और रानी सुनैना लता गोयल का अभिनंदन किया। इस अवसर पर संतोष कटारा, मनोज बंसल, संजय गोयल, अजय अवागढ़, नरेंद्र सिंह सेंगर, अशोक गुप्ता, धर्मेश जैन, मनोज जादौन, हितेश लवानियां, मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह, अरविंद शर्मा, आकाश ग्वाला, पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी, सतीश ठाकुर सहित आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे। महिला समिति की अध्यक्ष अमृता पोरवाल सहित शिखा, रुचि, सीमा, शालिनी, सिमी, शीतल, शुचि, वंदना, संगीता, मीना, दीप्ति, ऋतु, प्रियंका ठाकुर, एकता, ज्योति, शालू और अन्य सहयोगियों के प्रति भी आभार व्यक्त किया गया।
Source link
टीवी एक्टर गौरव खन्ना बने श्रीराम, जनकपुरी में सजी रामायण:उड़ते राक्षस, आग की लपटें और युद्ध के दृश्य, डेढ़ घंटे तक मंत्रमुग्ध रहे दर्शक
