![]()
उदयपुर में डबोक थाना पुलिस और डीएसटी (जिला स्पेशल टीम) ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने दोनों ऑपरेशनों में दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अवैध देशी पिस्टल, मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई हुई। डबोक थानाधिकारी सूर्यभानसिंह और डीएसटी प्रभारी चंद्रपाल सिंह की संयुक्त टीमों ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की। पहली कार्रवाई पुलिस ने मेड़ता गांव के पास नाकाबंदी कर डबोक थाने के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर को दबोच लिया। तलाशी के दौरान हिस्ट्रीशीटर महिपाल सिंह उर्फ मानु के पास से एक अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इस आरोपी पर पहले से ही मारपीट, लूट, रंगदारी और हत्या के प्रयास जैसे सात गंभीर मामले दर्ज हैं। दूसरी कार्रवाई पुलिस ने शीशम की घाटी के पास नाकाबंदी के दौरान कृष्णकान्त उर्फ बबलू को रोककर जांच की। तलाशी में उसके पास से भी एक अवैध देशी पिस्टल, एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस मिले। इस दूसरे आरोपी के खिलाफ भी डबोक और प्रतापनगर थाने में रंगदारी और मारपीट के मामले पहले से दर्ज हैं। दोनों बदमाश किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे दोनों बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे, समय रहते पुलिस ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर ले लिया है। पुलिस अब इनसे यह कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि वे ये अवैध हथियार कहां से लेकर आए थे और इन्हें सप्लाई करने वाला मुख्य सप्लायर कौन है।
Source link
उदयपुर में पिस्टल लेकर घूम रहे दो बदमाश गिरफ्तार:दोनों बड़ी वारदात करने की फिराक में थे, मारपीट और हत्या के मामले पहले से दर्ज
