![]()
दिल्ली सरकार महिलाओं और ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए दुर्गा ई-ऑटो योजना शुरू करने जा रही है। इसके तहत पहले चरण में 1,300 पिंक इलेक्ट्रिक ऑटो आवंटित किए जाएंगे। इनमें 1,170 ऑटो महिलाओं और 130 ऑटो ट्रांसजेंडर लाभार्थियों के लिए आरक्षित होंगे। दिल्ली कैबिनेट इस योजना को मंजूरी दे चुकी है। परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि योजना का उद्देश्य महिलाओं और ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को इलेक्ट्रिक ऑटो का मालिक और चालक बनने का अवसर देना है, ताकि वे सम्मानजनक और सतत स्वरोजगार के जरिए आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ राजधानी में पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। सरकार की इस पहल से दिल्ली में लास्ट-माइल कनेक्टिविटी मजबूत करने में भी मदद मिलेगी। इलेक्ट्रिक ऑटो के इस्तेमाल से पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता और वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने में योगदान मिलने की उम्मीद है। योजना के जरिए महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय की सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र में भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा। दिल्ली सरकार का लक्ष्य स्वच्छ परिवहन को प्रोत्साहित करने के साथ ऐसे रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, जिनसे वंचित और कमजोर वर्गों को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
Source link
दिल्ली में चलेंगे 1,300 पिंक ई-ऑटो:दुर्गा योजना से स्वरोजगार को बढ़ावा, पहले चरण में महिलाओं के लिए 1,170 और ट्रांसजेंडरों के लिए 130 ऑटो आरक्षित
