![]()
एशियन गेम्स में निशानेबाजी में सिल्वर मेडल जीतकर महम क्षेत्र और अपने गांव खरकड़ा का नाम रोशन करने वाली आशिमा अहलावत का गांव में सम्मान किया गया। उनकी इस उपलब्धि पर ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। गांव पहुंचने पर लोगों ने आशिमा की सफलता पर गर्व जताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों ने कहा कि आशिमा ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार, बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र का मान बढ़ा है। सम्मान समारोह के दौरान पूर्व भाजपा नेता शमशेर खरकड़ा की पत्नी राधा अहलावत भी आशिमा का हौसला बढ़ाने पहुंचीं। उन्होंने निशानेबाज आशिमा की मेहनत और प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है। आशिमा ने अपने प्रदर्शन से क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। उन्होंने आशिमा को भविष्य में भी इसी तरह मेहनत जारी रखने और नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दीं। बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा ग्रामीणों ने कहा कि आशिमा अहलावत की सफलता क्षेत्र की दूसरी बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। आज बेटियां खेलों सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं और देश का नाम रोशन कर रही हैं। आशिमा की उपलब्धि से दूसरी बेटियों को भी खेलों में आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा मिलेगी। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि आशिमा भविष्य में भी अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर देश के लिए पदक जीतती रहेंगी। उन्होंने कहा कि गांव की बेटी की इस उपलब्धि पर सभी को गर्व है। आशिमा की सफलता ने यह संदेश दिया है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और निरंतर अभ्यास से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
Source link
महम में निशानेबाज आशिमा अहलावत का सम्मान:एशियन गेम्स में जीता सिल्वर मेडल, राधा अहलावत ने बढ़ाया हौसला
