![]()
भिंड जिले में खाद के अवैध कारोबार पर कृषि विभाग की कार्रवाई जारी है। फूप और भारौली में मामले दर्ज होने के बाद अब जम्हौरा में 40 बोरी संदिग्ध डीएपी खाद पकड़ी गई है। कृषि विभाग की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ अटेर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। खाद के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कृषि विभाग की शिकायत के अनुसार, 3 अक्टूबर को गोपनीय सूचना के आधार पर अधिकारियों ने जम्हौरा गांव में सुरजीत सिंह और शिवकुमार भदौरिया के घर की जांच की थी। यहां इफको डीएपी खाद की बोरियां मिली थीं। इसके बाद तहसीलदार और कृषि विभाग की टीम ने पंचनामा तैयार किया। अगले दिन 4 अक्टूबर को शाम करीब 7 बजे यूपी 75 बीटी 2875 नंबर की पिकअप में इफको की 40 बोरी खाद ले जाते हुए पकड़ी गईं। परिवहन से जुड़े दस्तावेज नहीं मिलने पर मामला सामने आया। इसके बाद 5 अक्टूबर को जिला उर्वरक निरीक्षक शिवराज सिंह परमार, अटेर के उर्वरक निरीक्षक नरेश सिंह अटल और कृषि विस्तार अधिकारी ऋषभ श्रीवास्तव ने कार्रवाई की। जब्त खाद सेवा सहकारी संस्था खरिका के सुपुर्द कर दी गई, जबकि पिकअप को अटेर थाने में रखवाया गया। खाद के नमूने जांच के लिए भेजे, चार लोगों पर केस जांच के दौरान खाद की गुणवत्ता संदिग्ध होने की आशंका पर नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। कृषि विभाग ने अपनी शिकायत में सुरजीत सिंह, शिवकुमार भदौरिया और अमन भदौरिया निवासी जम्हौरा तथा राकेश बघेल निवासी बघेलन का पुरा को आरोपी बनाया है। विभाग के अनुसार, मामले में बिना अनुज्ञप्ति या प्राधिकार पत्र के उर्वरक कारोबार किए जाने की भूमिका भी सामने आई है। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी नरेश सिंह अटल ने 9 अक्टूबर को अटेर थाना प्रभारी को पत्र देकर चारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 और उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 की धाराओं 7, 8 और 19 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फूप और भारौली के बाद जम्हौरा में कार्रवाई भिंड जिले में खाद की गुणवत्ता और अवैध कारोबार को लेकर कृषि विभाग की कार्रवाई लगातार सामने आ रही है। फूप और भारौली में एफआईआर दर्ज होने के बाद अब अटेर क्षेत्र के जम्हौरा में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल खाद के नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट से खाद की गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस मामले में आरोपियों की भूमिका और खाद के स्रोत की जांच कर रही है।
Source link
भिंड में संदिग्ध डीएपी की 40 बोरियां बरामद,चार पर FIR:फूप और भारौली के बाद जम्हौरा में कार्रवाई; खाद के नमूने जांच के लिए भेजे
