![]()
शामली शहर के एक वार्ड में नाली निर्माण नहीं होने से चार-पांच घरों के लोगों को पानी की निकासी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। नाली निर्माण का कुछ लोगों द्वारा विरोध किए जाने के कारण मामला लंबे समय से अटका हुआ है। समस्या के समाधान के लिए पीड़ित करीब एक साल में 25 बार अधिकारियों के पास शिकायत लेकर पहुंच चुके हैं, लेकिन उनका कहना है कि अभी तक नाली निर्माण नहीं हो पाया है। सोमवार को पूर्ण चंद पुत्र भगवत सहित वार्ड के महिला और पुरुषों ने सोमवार को 12 बजे जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर समस्या का समाधान कराने की मांग की। पूर्ण चंद ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि क्षेत्र में चार-पांच घरों के पानी की निकासी की समस्या है। नाली नहीं होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। आरोप है कि कुछ लोग निजी रास्ता बताकर नाली निर्माण का विरोध कर रहे हैं। इसके चलते नाली बनाने का काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। 25वीं बार शिकायत लेकर पहुंचे अर्चना मित्तल ने बताया कि नाली निर्माण की समस्या को लेकर वह अब तक करीब 25 बार अधिकारियों के पास शिकायत लेकर पहुंच चुके हैं। करीब एक साल से समाधान की उम्मीद में चक्कर काट रहे हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। सास की मौत पर भी कीचड़ से गुजरना पड़ा स्थानीय निवासी पूजा ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि रास्ते में कीचड़ होने के कारण लोगों को आने-जाने में दिक्कत होती है। उन्होंने बताया कि जब उनकी सास की मौत हुई थी, उस समय भी उन्हें कीचड़ से होकर गुजरना पड़ा था। ऐसे हालात में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। डीएम से कार्रवाई की मांग शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर मौके की जांच कराने और संबंधित अधिकारियों को नाली निर्माण कराने के निर्देश देने की मांग की है। उनका कहना है कि नाली बनने से चार-पांच घरों के पानी की निकासी की समस्या दूर हो सकती है। अब पीड़ितों को प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।
Source link
शामली में एक साल में 25 शिकायतें मिलीं:नहीं बनी नाली, कीचड़ से गुजरने को मजबूर लोग; महिला बोली- सास की मौत पर भी हुई परेशानी
