![]()
आम किसान यूनियन हरदा के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को भोपाल में कृषि विभाग के डायरेक्टर से मुलाकात की। इस दौरान ग्रीष्मकालीन मूंग की 100% समर्थन मूल्य पर खरीदी को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में सकारात्मक माहौल रहा। कृषि विभाग के डायरेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि किसानों के हित में जल्द ही सकारात्मक निर्णय की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने केंद्र सरकार से मूंग खरीदी का कोटा बढ़ाने की मांग की है, जिस पर उच्च स्तरीय चर्चाएं जारी हैं। राज्य सरकार केंद्र से कोटा बढ़वाकर मूंग खरीदी की मात्रा बढ़ाने का पूरा प्रयास कर रही है। चर्चा के दौरान, आम किसान यूनियन के करण चौधरी ने एक महत्वपूर्ण सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि गत वर्ष 7.73 लाख मीट्रिक टन मूंग का 4.80 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से उपार्जन किया गया था। जबकि इस वर्ष केंद्र द्वारा 4.50 लाख मीट्रिक टन का कोटा पहले ही स्वीकृत किया जा चुका है और पंजीकृत रकबा भी पिछले वर्ष की तुलना में 15% कम है। सवाल का स्पष्ट जवाब नहीं दे सके अफसर
चौधरी ने पूछा कि इस हिसाब से 2.80 क्विंटल प्रति एकड़ मात्रा तय होती है, तो राज्य सरकार ने 1.20 किलो की मात्रा किस आधार पर तय की? इस सवाल पर अधिकारी कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि खरीफ 2025 की लंबित फसल बीमा राशि किसानों के खातों में अगले 7-8 दिनों के भीतर जमा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, ई-विकास (e-Vikas) प्रणाली में आ रही तकनीकी समस्याओं का समाधान कर किसानों को उर्वरकों का सुचारु वितरण सुनिश्चित करने का भी आश्वासन दिया गया। आम किसान यूनियन ने स्पष्ट किया कि यदि अगले 3-4 दिनों में किसानों के हित में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जाता है, तो मंगलवार को यूनियन की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में आगामी आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी और विरोध प्रदर्शन की घोषणा की जाएगी।
Source link
भोपाल में एग्रीकल्चर डायरेक्टर से मिला हरदा का किसान संगठन:मूंग खरीदी पर कोटा बढ़ाने का भरोसा; जल्द निर्णय नहीं तो आंदोलन की रणनीति बनेगी
