![]()
पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने सिरोही जिले की बिगड़ती शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने शासन सचिवालय में शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश यादव से मुलाकात कर जिले में शिक्षकों के लगभग 3 हजार पद रिक्त होने और हाल ही में 176 कार्मिकों के जिले से बाहर तबादले से विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव से अवगत कराया। लोढ़ा ने बताया कि शिक्षकों की भारी कमी के कारण स्कूलों में पढ़ाई ठप होने की स्थिति बन गई है। इसके परिणामस्वरूप वासा, नागानी, सिरोड़ी और पोसालिया सहित कई विद्यालयों में विद्यार्थियों को तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अभिभावक अपने बच्चों को शिक्षा ग्रहण करने के लिए स्कूल भेजते हैं, न कि आंदोलन करने के लिए। यह केवल एक स्कूल का नहीं, बल्कि पूरे सिरोही जिले के भविष्य का सवाल है। अतिरिक्त मुख्य सचिव को जानकारी देते हुए लोढ़ा ने बताया कि हाल ही में हुए तबादलों में सिरोही जिले से कुल 176 कार्मिकों का अन्य जिलों में स्थानांतरण किया गया है। इनमें 14 प्रधानाचार्य, 4 उपप्रधानाचार्य, 39 व्याख्याता और 84 वरिष्ठ अध्यापक शामिल हैं। इसके अतिरिक्त शारीरिक शिक्षक, वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक, बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक, सहायक प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ सहायक और कनिष्ठ सहायक भी स्थानांतरित हुए हैं। लोढ़ा ने इस स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के तीन बजट आ चुके हैं, लेकिन माध्यमिक शिक्षा विभाग में नए पद सृजित नहीं किए जा रहे हैं। इसके विपरीत उपलब्ध शिक्षकों को भी जिले से बाहर भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिक्षकों के असंतुलित वितरण के कारण कई स्कूलों में आवश्यकता से अधिक शिक्षक हैं, जबकि लगभग 20 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में चार से भी कम शिक्षक कार्यरत हैं। 98 स्कूलों में व्याख्याता का एक भी पद स्वीकृत नहीं
लोढ़ा ने बताया कि जिले के 98 राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूलों में एक भी व्याख्याता का पद स्वीकृत नहीं है। इनमें आबूरोड के 16, रेवदर के 14, शिवगंज के 18 और सिरोही क्षेत्र के 20 स्कूल शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की पढ़ाई किस प्रकार संचालित हो रही होगी, इसका सहज अनुमान लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में कई बार आग्रह किए जाने के बावजूद आकांक्षी जिले सिरोही के हितों की अनदेखी की गई तथा राजनीतिक दबाव के कारण जिले की शिक्षण व्यवस्था को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
रिक्त पद भरने और नए पद सृजित करने की मांग
संयम लोढ़ा ने अतिरिक्त मुख्य सचिव से सिरोही जिले में रिक्त शिक्षक पदों पर तत्काल नियुक्तियां करने, शिक्षकों का संतुलित वितरण सुनिश्चित करने और उच्च माध्यमिक स्कूलों में नए पद सृजित करने की मांग की। इस पर अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश यादव ने आश्वस्त किया कि जिन स्कूलों में शिक्षकों की कमी है, वहां शीघ्र आवश्यक नियुक्तियां की जाएंगी। साथ ही सिरोही जिले के उच्च माध्यमिक स्कूलों में नए पद सृजित करने की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई कर शिक्षण व्यवस्था को सुचारु बनाया जाएगा।
Source link
