![]()
पंजाब पुलिस के महानिदेशक (DGP) के दिशा-निर्देशों पर पठानकोट पुलिस ने जिले में असामाजिक तत्वों, नशा तस्करों, गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए एक विशेष अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत जिले के 5 चिन्हित संदिग्ध और सुनसान स्थानों पर व्यापक स्तर पर ‘कैसो’ (CASO – कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन) चलाकर गहन तलाशी ली गई। अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मनप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस ऐसे विशेष सर्च ऑपरेशन चलाकर नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल अपराधियों और समाज विरोधी तत्वों पर लगातार नकेल कस रही है। हलका जीओ और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में हुई जांच
अधिकारी ने बताया कि पठानकोट के 5 प्रमुख चिन्हित क्षेत्रों में यह सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान संबंधित हलका जीओ (GO) अधिकारियों और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने अपने-अपने इलाकों की घेराबंदी कर बारकी से तलाशी ली। विशेष रूप से रेलवे लाइनों के आसपास के इलाकों, खाली पड़ी पुरानी इमारतों, सुनसान पार्कों और अन्य लावारिस स्थानों की जांच की गई, जहां असामाजिक तत्वों और नशा करने वालों के जमावड़े की शिकायतें मिल रही थीं।
नशा बेचने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, पीड़ितों की मदद करेगी पुलिस पठानकोट पुलिस ने स्पष्ट किया कि सर्च ऑपरेशन के दौरान जो लोग नशे की लत से पीड़ित पाए गए हैं, उन्हें उचित इलाज और पुनर्वास (Rehabilitation) केंद्रों में भेजने में मदद की जाएगी। वहीं, दूसरी ओर नशे की खरीद-फरोख्त या तस्करी में संलिप्त पाए जाने वाले अपराधियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को पूरी तरह से दुरुस्त रखने और नशा मुक्त माहौल बनाने के लिए आने वाले दिनों में भी इस प्रकार के औचक सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रहेंगे।
Source link
पठानकोट में असामाजिक तत्वों के खिलाफ सर्च अ़ॉपरेशन:पुलिस ने 5 चिन्हित स्थानों पर भारी संख्या में पहुंची पुलिस, चलाया तलाशी अभियान
