![]()
इटावा। शहर में चल रही रामलीला के दौरान सोमवार रात को भगवान श्रीराम की बारात धूमधाम से निकाली गई। डीजे और बैंड-बाजे के साथ राम मंदिर से रवाना हुई बारात का शहर में जगह-जगह स्वागत किया गया। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने फूल-मालाएं चढ़ाकर बारात का अभिनंदन किया। इसके बाद रामलीला मैदान में राम-सीता विवाह का आयोजन धूमधाम से संपन्न हुआ। इन प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी राम बारात राम मंदिर से शुरू हुई राम बारात गेता रोड, सब्जी मंडी, मेन मार्केट, चंद्रा मार्केट, सरोवर नगर और अंबेडकर सर्किल होते हुए रामलीला मैदान पहुंची। बारात के मार्ग में कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। वहीं, राम बारात में शामिल लोगों के लिए जगह-जगह जलपान की व्यवस्था भी की गई। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। देखिए राम बरात की Photos- रामलीला मंच पर पुष्पवर्षा और आरती से हुआ स्वागत राम बारात के रामलीला रंगमंच पर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा की और भगवान श्रीराम की आरती उतारी। इसके बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ राम-सीता विवाह संपन्न कराया गया। विवाह प्रसंग के दौरान मौजूद लोगों ने धार्मिक आयोजन में भाग लेकर भगवान श्रीराम के जयकारे लगाए। शिव-पार्वती और राधा-कृष्ण की झांकियों ने मोहा मन राम बारात के साथ कई आकर्षक धार्मिक झांकियां भी सजाई गईं। इनमें शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण, अघोरी, तांडव और काली-कंकाली सहित विभिन्न झांकियों का प्रदर्शन किया गया। इन झांकियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। राम बारात देखने के लिए शहर के विभिन्न इलाकों से लोग पहुंचे और आयोजन का आनंद लिया। कार्यक्रम में रामलीला मंडल के अध्यक्ष वेदप्रकाश नागर, नगर पालिका अध्यक्ष निर्मला नागर, पूर्व पार्षद महावीर नागर सहित कई पार्षद मौजूद रहे। इसके अलावा गिरधारी नागर, पंडित राकेश गौतम, मुकेश बंसल, प्रमोद कोठारी, दीपक पारेता, प्रेम नागर और सावला नागर सहित इटावा के कई गणमान्य नागरिकों ने भी भाग लिया।
Source link
इटावा में रामलीला के दौरान निकली राम बारात:डीजे और बैंड-बाजे के साथ निकली, जगह-जगह स्वागत हुआ; शिव-पार्वती सहित कई झांकियां भी दिखीं
