![]()
समस्तीपुर रेल मंडल ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ और आने वाले त्योहारों को देखते हुए तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अवधि बढ़ा दी है। रेल प्रशासन के इस निर्णय से बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों के हजारों यात्रियों को फायदा मिलेगा। इससे यात्रियों को भीड़भाड़ के दौरान यात्रा में सुविधा होगी और कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी। गाड़ी संख्या 04014 आनंद विहार–लौकहा बाजार स्पेशल का परिचालन अब 13 अगस्त 2026 तक प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को किया जाएगा। इसी तरह, गाड़ी संख्या 04013 लौकहा बाजार–आनंद विहार स्पेशल 18 अगस्त 2026 तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को चलेगी। यह स्पेशल ट्रेन झंझारपुर, सकरी, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, बगहा और गोरखपुर जैसे स्टेशनों से होकर गुजरती है। कोसी और सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों को विशेष सुविधा इसके अलावा, गाड़ी संख्या 05506 सहरसा–पूर्णिया कोर्ट स्पेशल का परिचालन 31 जुलाई 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार और रविवार को जारी रहेगा। वहीं, गाड़ी संख्या 05505 पूर्णिया कोर्ट–सहरसा स्पेशल 3 अगस्त 2026 तक प्रत्येक सोमवार और बुधवार को संचालित होगी। यह ट्रेन दौरम मधेपुरा और बनमनखी के रास्ते चलती है, जिससे कोसी और सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी। इसी क्रम में, गाड़ी संख्या 05543 रक्सौल–नरकटियागंज स्पेशल और 05544 नरकटियागंज–रक्सौल स्पेशल का परिचालन भी 26 सितंबर 2026 तक बढ़ा दिया गया है। ये दोनों ट्रेनें प्रत्येक गुरुवार एवं शनिवार को अपने निर्धारित समय और मार्ग पर चलती रहेंगी। इस विस्तार से सीमावर्ती क्षेत्रों में यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। रेल अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में स्पेशल ट्रेनों में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए यात्रियों की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से इन ट्रेनों की परिचालन अवधि बढ़ाई गई है। आने वाले त्योहारों और छुट्टियों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यह निर्णय महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रेल विभाग के सीनियर डीसीएम अनन्या स्मृति ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेन के समय, परिचालन तिथि और आरक्षण की स्थिति की जानकारी अवश्य हासिल कर लें। साथ ही रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अपडेट लेते रहें। समस्तीपुर मंडल का यह निर्णय यात्रियों के लिए राहतभरा साबित होगा और त्योहारों के मौसम में सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Source link
3 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की समय सीमा बढ़ी:समस्तीपुर-सीतामढ़ी के यात्रियों को होगी आसानी, सावन में भीड़ को देखते हुए रेलवे का फैसला
