![]()
पाकुड़ पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र में आयोजित रथ उत्सव और मेला के दौरान चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से चोरी के 06 मोबाइल फोन और ₹7390 नगद बरामद किए गए हैं। शुक्रवार को एसडीपीओ कुमार गौरव ने बताया कि 16 जुलाई को नगर थाना क्षेत्र में रथ मेला का आयोजन किया गया था। इस दौरान अत्यधिक भीड़ का फायदा उठाकर उचक्कों ने कई महिला व पुरुष श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन, पर्स, नगद रुपए और सोने की चेन चुरा ली थी। चोरी की इन घटनाओं को लेकर पीड़ित विश्वजीत सरकार, वंदना देवी, प्रमिला मण्डल, प्रियंका देवी, पद्मावती देवी और नमिता मण्डल के आवेदन पर नगर थाना में विभिन्न धाराओं के तहत छह अलग-अलग मामले (कांड संख्या- 170/26 से 175/26) दर्ज किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों का उपयोग करते हुए त्वरित कार्रवाई की। जांच के दौरान, टीम ने चोरी की घटनाओं में संलिप्त दो आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों ने कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की कानूनी कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सोहन सिंह (पिता- स्व० कुला सिंह) और रेखा देवी (पति- बंडिरूआ सिंह) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले के पांडेश्वर थाना अंतर्गत पांडेसर (डी०बी०सी० मोहल्ला, शिवड़ी) के निवासी हैं।
Source link
पाकुड़ रथ मेला में चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा:पश्चिम बंगाल के दो शातिर चोर गिरफ्तार, 6 मोबाइल और 7390 रुपए बरामद
