![]()
जमुई के गिद्धौर प्रखंड के कोल्हुआ गांव में एक किसान को बुधवार रात कोबरा सांप ने एक ही दिन में दो बार डंस लिया। घटना के बाद परिजन सांप को मारकर उसे साथ लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। किसान की हालत अभी खतरे से बाहर बताई जा रही है। कोल्हुआ गांव के रहने वाले नंदलाल यादव खेत में पानी देने के लिए मोटर पंप चालू करने गए थे। मोटर के पास एक बोरा पड़ा था, जिसमें सांप छिपा हुआ था। जैसे ही नंदलाल ने मोटर चालू करने के लिए बोरा हटाने की कोशिश की, सांप ने उनके हाथ में डस लिया। उस समय उन्हें सांप के काटने का पता नहीं चला। कुछ देर बाद उसी सांप ने नंदलाल के हाथ में फिर से डस लिया। तब उनकी नजर सांप पर पड़ी और उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर सांप को मार दिया। इसके बाद परिजन नंदलाल को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए और मरे हुए सांप को भी साथ ले आए। पांच फीट लंबा कोबरा ने डसा सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने नंदलाल का शुरुआती इलाज किया। डॉक्टरों ने सांप को देखकर बताया कि वह कोबरा था। फिलहाल नंदलाल में सांप के जहर का कोई साफ लक्षण नहीं दिखा है। एहतियात के तौर पर उन्हें अस्पताल में निगरानी में रखा गया है। परिजनों के मुताबिक, सांप करीब पांच फीट लंबा था। इस घटना के बाद खेत में काम करने वाले लोगों में भी डर का माहौल है। अस्पताल लाए गए मरे हुए सांप को देखने के लिए लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, सांप के काटने के बाद समय पर अस्पताल पहुंचना बहुत जरूरी है।
Source link
किसान को एक दिन में कोबरा ने 2 बार डसा:मोटर पंप चलाने खेत पहुंचा था किसान, परिजन सांप को मारकर अस्पताल लाए
