Headlines

AMU में तिरंगे की रोशनी,देशभक्ति के रंग में डूबा कैंपस:स्वतंत्रता दिवस पर जगमगाया परिसर; प्रभात फेरी, एनसीसी कैडेट्स ने दिखाया उत्साह




अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) का परिसर 15 अगस्त की शाम स्वतंत्रता दिवस के जश्न में डूबा नजर आया। विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक इमारतें तिरंगे और आकर्षक रोशनी से जगमगा उठीं। कैंपस के कोने-कोने में स्वतंत्रता दिवस की उमंग और देशभक्ति का माहौल दिखाई दिया, जिसमें छात्र-छात्राओं से लेकर शिक्षक और गैर-शिक्षण स्टाफ तक सभी शामिल थे। एएमयू के जनसंपर्क कार्यालय की प्रभारी सदस्य (एमआईसी) प्रो. विभा शर्मा ने विश्वविद्यालय के माहौल पर बातचीत करते हुए कहा कि आज यूनिवर्सिटी का हर कोना खूबसूरत नजर आ रहा है। उन्होंने बताया कि पूरा कैंपस आजादी के जोश और जुनून में डूबा हुआ है। यह उत्साह केवल इमारतों तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों के दिलों में भी स्वतंत्रता दिवस की उमंग साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने जानकारी दी कि विश्वविद्यालय की इमारतों पर तिरंगा लहराने के साथ आकर्षक लाइटिंग की गई थी। प्रभात फेरी में स्कूली बच्चों ने हिस्सा लिया, जबकि एनसीसी कैडेट्स ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी की। स्वतंत्रता दिवस को लेकर पिछले एक सप्ताह से विश्वविद्यालय में विभिन्न चर्चाओं और डिबेट्स का आयोजन भी किया गया था। इन चर्चाओं में आजादी के संघर्ष, देश के वर्तमान और भविष्य तथा समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। विभा शर्मा ने बताया कि इन गतिविधियों में छोटे बच्चों से लेकर बड़े, प्रोफेसरों से लेकर गैर-शिक्षण स्टाफ तक, हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की गई। स्वतंत्रता दिवस की शाम एएमयू का वातावरण यह दर्शाता था कि राष्ट्रीय पर्व किस तरह लोगों को एक साझा उत्साह और जिम्मेदारी की भावना से जोड़ता है। तिरंगे की रोशनी और देशभक्ति से सराबोर कैंपस में शाम का यह नजारा एएमयू की विविधता के बीच राष्ट्रभक्ति के रंग को और गहरा करता दिखा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *