- Hindi News
- Sports
- Argentina Vs Egypt FIFA World Cup 2026: Messis 8 Game Streak Continues
स्पोर्ट्स डेस्क8 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

FIFA वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 में अजेय चल रही डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना का मुकाबला मिस्र से होगा। अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी शानदार फॉर्म में हैं। वे वर्ल्ड कप के लगातार 8 मैचों में गोल कर चुके हैं।
मेसी इस फॉर्म के जरिए टीम को क्वार्टर फाइनल में पहुंचाने उतरेंगे। मैच अटलांटा स्टेडियम में आज रात 9:30 बजे से खेला जाएगा।
दूसरा मैच स्विट्जरलैंड और कोलंबिया के बीच होगा। वर्ल्ड कप में दोनों देश दूसरी बार एक-दूसरे से भिड़ेंगे। यह मुकाबला वैंकूवर स्टेडियम में रात 1:30 बजे से शुरु होगा।
मैच 95- अर्जेंटीना और मिस्र की वर्ल्ड कप में पहली भिड़ंत
अर्जेंटीना और मिस्र के बीच सिर्फ 1 इंटरनेशनल मुकाबला खेला गया है। 2008 में खेले गए फ्रेंडली मैच में अर्जेंटीना ने मिस्र को 2-0 से हराया था। FIFA वर्ल्ड कप के इतिहास में दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी।

अर्जेंटीना ने सभी मैच जीते, मिस्र पेनल्टी शूटआउट जीतकर आई
अर्जेंटीना इस टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है। टीम ने अपने चारों मुकाबले जीते हैं। राउंड ऑफ 32 के रोमांचक मैच में अर्जेंटीना ने काबो वर्डे को 3-2 से हराया था। इससे पहले ग्रुप स्टेज में टीम ने जॉर्डन को 3-1, ऑस्ट्रिया को 2-0 और अल्जीरिया को 3-0 से शिकस्त दी थी।
दूसरी ओर मिस्र ने 2 मुकाबले जीते और 2 मैच ड्रॉ रहे। राउंड ऑफ 32 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबला फुल टाइम तक 1-1 से बराबर था। टीम ने पेनल्टी शूटआउट में 4-2 जीत दर्ज की। इससे पहले ग्रुप स्टेज में मिस्र ने न्यूजीलैंड को 3-1 से हराया। वहीं ईरान और बेल्जियम के खिलाफ मैच 1-1 की स्कोरलाइन से ड्रॉ रहा।

मेसी और सालाह पर नजरें
अर्जेंटीना की टीम मेसी से फिर गोल की उम्मीद करेगी। वह इस टूर्नामेंट में 7 गोल कर चुके हैं और गोल्डन बूट की रेस में दूसरे नंबर पर हैं। वहीं मिस्र स्टार फॉरवर्ड और कप्तान मोहम्मद सालाह के दम पर उलटफेर करने उतरेगी।
दोनों टीमों की पॉसिबल स्टार्टिंग-11:
अर्जेंटीना: एमिलियानो मार्टिनेज, मोलीना, रोमेरो, लिसैंड्रो मार्टिनेज, टैगलियाफिको, डी पॉल, एन्जो फर्नांडीज, मैक्अलिस्टर, लियोनेल मेसी, जूलियन अल्वारेज, निकोलस गोंजालेज।
मिस्र: मोस्तफा शुबेर, मोहम्मद हानी, यासर इब्राहिम, रामी राबिया, मोहम्मद हम्दी, मारवान अत्तिया, अकरम तौफीक, इमाम अशुअर, ट्रेजेगुएट, मोस्तफा मोहम्मद, मोहम्मद सालाह।
मैच 96- वर्ल्ड कप में स्विट्जरलैंड पर कोलंबिया का दबदबा
स्विट्जरलैंड और कोलंबिया के बीच अब तक कुल 4 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें कोलंबिया ने 2 मैच जीते हैं। स्विट्जरलैंड को 1 में जीत मिली है। एक मुकाबला ड्रॉ रहा है।
FIFA वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच यह दूसरी भिड़ंत होगी। 1994 के वर्ल्ड कप में कोलंबिया ने स्विट्जरलैंड को 2-0 से शिकस्त दी थी।

कोलंबिया अजेय, स्विट्जरलैंड ने पिछले 3 मैच जीते
स्विट्जरलैंड ने 4 में से 3 मुकाबले जीते। एक मैच ड्रॉ रहा। राउंड ऑफ 32 में स्विट्जरलैंड ने अल्जीरिया को 2-0 से हराया। ग्रुप स्टेज में टीम ने कतर से 1-1 से ड्रॉ खेला। फिर अगले 2 मुकाबलों में कनाडा को 2-1 और बोस्निया को 4-1 से हराया।
कोलंबिया टूर्नामेंट में अब तक एक भी मैच नहीं हारी है। टीम ने 4 मैचों में 3 जीत और 1 ड्रॉ हासिल किया। राउंड ऑफ 32 में कोलंबिया ने घाना को 1-0 से हराया। ग्रुप स्टेज में टीम ने कांगो डीआर को 1-0, उज्बेकिस्तान को 3-1 से हराया। वहीं पुर्तगाल से मुकाबला 0-0 से ड्रा रहा।

कोलंबिया के लुइस डियाज पर निगाहें
स्विट्जरलैंड को फॉरवर्ड ब्रील एम्बोलो से गोल की उम्मीद होगी। वहीं कोलंबिया स्टार विंगर लुइस डियाज के दम पर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने उतरेगी।
दोनों टीमों की पॉसिबल स्टार्टिंग-11:
स्विट्जरलैंड: यान सोमर, अकान्जी, एलवेदी, रॉड्रिगेज, विडमर, फ्रायलर, ग्रैनिट शाका, एनडॉय, एबिशर, रूबेन वर्गास, ब्रील एम्बोलो।
कोलंबिया: कैमिलो वर्गास, मुनोज, डैविंसन सांचेज़, कुएस्टा, मोजिका, जेफरसन लेर्मा, रिचर्ड रीस, जॉन अरियास, जेम्स रोड्रिगेज, लुइस डियाज, जॉन कोर्डोबा।

