बयान 1- ‘लाइब्रेरियन की भर्ती 18 साल से लंबित है। नियमावली बनी, परीक्षा लेने की बात हुई, लेकिन भर्ती की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी। हम लोग कब तक बेरोजगार रहेंगे। कब तक दर-दर भटकते रहें?’
.
बयान 2- ‘70वीं BPSC परीक्षा में बड़े स्तर पर गड़बड़ी के आरोप हैं। सवाल उठाने पर मुझे BPSC ने पांच साल के लिए बैन कर दिया। कई अभ्यर्थी पहचान छिपाकर अपनी बात रखने को मजबूर हैं।’
ये पीड़ा सिर्फ महानंद कुमार और प्रियतम कुमार की नहीं है। सरकारी नौकरी के लिए तैयारी कर रहे बिहार के लाखों युवा भर्ती प्रक्रिया अटकने या इसमें गड़बड़ी से परेशान हैं। इसके चलते सड़कों पर उनका गुस्सा दिख रहा है।
पटना के गर्दनीबाग में छात्र अलग-अलग परीक्षाओं की देरी, रिजल्ट, भर्ती प्रक्रिया और विवादों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। पड़ोसी राज्य झारखंड में चल रहे आंदोलन का असर यहां भी दिखाई दे रहा है। BPSC, BSSC, CSBC और BPSSC के उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार करीब 70 हजार सरकारी नौकरियां पाइपलाइन में हैं।
ऐसे में बिहार में सरकारी जॉब की तस्वीर समझने के लिए दैनिक भास्कर ने भर्ती परीक्षाओं का ‘एग्जाम ट्रैकर’ तैयार किया। इसमें परीक्षा हो चुकी, लेकिन अगला चरण बाकी, तय तारीख से पीछे चल रही भर्ती, कोर्ट या विभाग में अटकी प्रक्रिया, विवादित परीक्षाएं और पाइपलाइन में आने वाली नौकरियां शामिल हैं। पढ़िए रिपोर्ट…।

पटना के गर्दनीबाग में विरोध प्रदर्शन करते छात्र।
1. 70वीं BPSC से शुरू हुआ विवाद अब भी छात्रों के बीच जिंदा
70वीं BPSC को लेकर छात्रों का विरोध पहले भी पटना में बड़ा आंदोलन बन चुका है। अभी प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी परीक्षा रद्द करने की मांग कर रहे हैं।
उनका आरोप है कि परीक्षा में बड़े स्तर पर गड़बड़ी हुई। शिकायत करने वाले छात्रों की आवाज नहीं सुनी गई। इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।
गर्दनीबाग में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी प्रियतम कुमार प्रिय ने कहा, ‘70वीं BPSC के रिजल्ट से अभ्यर्थी संतुष्ट नहीं हैं। परीक्षा में बड़े स्तर पर गड़बड़ी के आरोप हैं।’
प्रियतम ने दावा किया कि वे सबूत के आधार पर आरोप लगा रहे हैं। उनके पास रैंक-3 की कॉपी है। उनका सवाल BPSC की मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर है।
प्रियतम ने कहा, ‘अन्य आयोगों में मॉडल आंसर की तैयार की जाती है। इसके आधार पर मूल्यांकन किया जाता है। RTI में BPSC ने मॉडल आंसर की तैयार नहीं करने की बात कही है। अगर मॉडल आंसर की नहीं बनाई गई तो कॉपियों का मूल्यांकन किस आधार पर किया गया?’

2. परीक्षा हो गई, अब रिजल्ट, इंटरव्यू और ज्वाइनिंग का इंतजार
भर्ती परीक्षा सिर्फ PT कराने से पूरी नहीं होती। उसके बाद रिजल्ट, मेन्स, इंटरव्यू, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और नियुक्ति तक लंबी प्रक्रिया चलती है। BPSC के कैलेंडर में कई ऐसी परीक्षाएं हैं, जिनमें लिखित परीक्षा हो चुकी है, लेकिन आगे की प्रक्रिया बाकी है। यही देरी छात्रों की तैयारी और उम्र दोनों पर असर डालती है।
71वीं BPSC: 1,298 पदों वाली 71वीं BPSC परीक्षा का PT सितंबर 2025 में हुआ, मेन्स अप्रैल 2026 में हुआ। अब अभ्यर्थियों की नजर मेन्स रिजल्ट और आगे की चयन प्रक्रिया पर है। यानी परीक्षा के दो चरण पूरे होने के बाद भी अंतिम चयन तक पहुंचने में अभी समय लगेगा।
असिस्टेंट इंजीनियर: 1,040 पदों वाली ज्वाइंट असिस्टेंट इंजीनियर परीक्षा जुलाई 2025 में हो चुकी है। BPSC के कैलेंडर में इसके सामने हाईकोर्ट से निर्देश और RCD से संशोधित रिक्ति मिलने की जरूरत दर्ज है।
स्पेशल टीचर: 7,279 पदों पर स्पेशल टीचर की भर्ती होनी है। इसकी परीक्षा ली गई है, लेकिन मामला कोर्ट में जाने के चलते रिजल्ट जारी नहीं किया गया है।
AEDO भर्ती: AEDO (Assistant Education Development Officer) के 935 पदों पर भर्ती के लिए अप्रैल 2026 में परीक्षा ली जानी थी, लेकिन रद्द कर दी गई। नई डेट जारी नहीं हुई है।
असिस्टेंट टाउन प्लानर: 36 पदों भर्ती के लिए परीक्षा मई 2026 में हुई।
3. तय तारीख से पीछे चल रही परीक्षाएं
परीक्षा की तारीख घोषित होने के बाद उसका टलना छात्रों के लिए बड़ा झटका है। इससे तैयारी का शेड्यूल बदल जाता है।
72वीं BPSC: 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा पहले 26 जुलाई 2026 को होने वाली थी। बाद में स्थगित हो गई। 14 अगस्त के नए कैलेंडर के मुताबिक इसकी PT 25 अक्टूबर 2026 को होगी।
सहायक राजस्व और लेखा अधिकारी: 285 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा होने वाली थी। विभाग ने टाल दी है।
सहायक शहरी कल्याण और पंजीकरण अधिकारी: 285 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा होने वाली थी। विभाग ने टाल दी है।
TRE-4: 32,388 पदों पर शिक्षकों की भर्ती के लिए TRE-4 की परीक्षा होनी है, लेकिन इसके डेट की घोषणा नहीं हुई है।

4. हाईकोर्ट-सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचे ये भर्ती विवाद
70वीं BPSC: इस परीक्षा को रद्द कर फिर से परीक्षा कराने के लिए छात्रों ने आंदोलन किया है। आरोप है कि बड़े स्तर पर धांधली हुई। इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। परीक्षा का अंतिम रिजल्ट 20 जून 2026 को घोषित किया गया था। अगस्त 2026 के दूसरे सप्ताह में सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दे दिए गए।
असिस्टेंट इंजीनियर: 1040 पदों पर भर्ती के लिए संयुक्त असिस्टेंट इंजीनियर की परीक्षा हुई। मामला हाईकोर्ट में है।
33वीं बिहार न्यायिक सेवा प्रारंभिक परीक्षा: इस परीक्षा को स्थगित करने संबंधी मामला सुप्रीम कोर्ट में है।
5. पाइपलाइन में हजारों पद, लेकिन हर भर्ती की स्थिति अलग
बिहार में नौकरियों की कमी की तस्वीर सिर्फ अटकी परीक्षाओं से नहीं बनती। बड़ी संख्या में पदों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है या आगे आने वाली है। सबसे बड़ी भर्ती TRE-4 है। BPSC के नए कैलेंडर के अनुसार सितंबर में परीक्षा प्रस्तावित है।
TRE-4: 32,388 पदों पर शिक्षकों की भर्ती के लिए TRE-4 की परीक्षा होने वाली है। BPSC के कैलेंडर के मुताबिक परीक्षा 22 से 27 सितंबर 2026 के बीच प्रस्तावित है। रिजल्ट नवंबर में जारी किया जा सकता है।
BPSC में कई इंटरव्यू TBD: मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर के 1,711 पद, साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभाग में HOD के 241, असिस्टेंट प्रोफेसर के 455 और प्रोफेसर के 169 पदों पर भर्ती की प्रक्रियाओं में इंटरव्यू की तारीख TBD है। मतलब, भर्ती प्रक्रिया चल रही है, लेकिन अंतिम चरण की तारीख साफ नहीं है।
अन्य विशेषज्ञ पद भी लंबित: आयुर्वेदिक कॉलेज असिस्टेंट प्रोफेसर के 88, तिब्बी कॉलेज के 15, होमियोपैथिक असिस्टेंट प्रोफेसर के 13, फैक्ट्री इंस्पेक्टर के 17 और बॉयलर इंस्पेक्टर के 5 पदों में भी इंटरव्यू की तारीख TBD दर्ज है।
पुलिस भर्ती: CSBC के रिकॉर्ड में 993 कांस्टेबल ऑपरेटर और स्पेशल ब्रांच में 83 कांस्टेबल की 2026 भर्ती प्रक्रियाएं हैं। 4,361 ड्राइवर कांस्टेबल भर्ती में लिखित परीक्षा के बाद PET/DET के चरण आगे बढ़ चुके हैं।
6. BPSC के बाहर भी नौकरी का बड़ा सिस्टम
बिहार में सरकारी नौकरी सिर्फ BPSC से नहीं मिलती। BSSC, CSBC, BPSSC और शिक्षा बोर्ड समेत कई संस्थाएं भर्ती कराते हैं।
बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) की द्वितीय इंटर स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के तहत विभिन्न विभागों में 26,426 पदों पर भर्ती होगी। इसके लिए 33 लाख युवाओं ने आवेदन दिया था। परीक्षा की तारीखें पिछले तीन साल से घोषित होनी बाकी हैं।

CSBC द्वारा बिहार पुलिस में कांस्टेबल के 19,838 पदों पर भर्ती के लिए हुई परीक्षा का रिजल्ट 27 मई 2026 को जारी किया गया।
7. दिल्ली-झारखंड के बाद बिहार में भी नौकरी के सवाल पर छात्र सड़क पर
देशभर में परीक्षा और भर्ती को लेकर छात्रों का असंतोष बढ़ रहा है। दिल्ली में छात्र आंदोलन राष्ट्रीय मुद्दा बना। अब झारखंड में भर्ती परीक्षाओं के खिलाफ आंदोलन तेज है।
10 अगस्त को रांची में छात्रों और पुलिस के बीच टकराव तक हुआ। इसी माहौल में बिहार के गर्दनीबाग में छात्रों का आंदोलन फिर दिखाई दे रहा है।

