Headlines

Bokaro House Burglary | Thieves Break Into Locked Home, Steal Valuables



बोकारो के सेक्टर-12/सी स्थित क्वार्टर संख्या 3104 में एक बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने लगभग 3.5 लाख रुपये की नकदी और जेवरात चुरा लिए। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-12 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

.

गृहस्वामी औकील प्रसाद मांझी ने बताया कि वह बुधवार शाम करीब 4 बजे अपने परिवार के साथ ससुराल गए थे। रात होने के कारण वे वहीं रुक गए थे।

अगले दिन जब वे घर लौटे, तो देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था और उसकी जगह दूसरा ताला लगा दिया गया था। अपनी चाबी से ताला खोलने की कोशिश करने पर वह नहीं खुला। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद उन्होंने हथौड़े से ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया।

पूरे कमरे में सामान बिखरा पड़ा था

घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। अलमारी, दीवान और अन्य सामान रखने वाली छोटी अलमारी खुली हुई थी तथा पूरे कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान गायब हैं। गृहस्वामी के अनुसार, कुल मिलाकर लगभग 3.5 लाख रुपये की संपत्ति चोरी हुई है।

घटना की सूचना तत्काल सेक्टर-12 थाना को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।

सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि सेक्टर-12 थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी है और चोरी गई संपत्ति का अंतिम आकलन किया जा रहा है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *