‘लड़की को महीने का चार लाख मिलेगा, खूबसूरत और स्टाइलिश होना चाहिए। कॉल करके लोगों को फंसाना है। ज्यादा बात ऑडियो कॉल पर ही होगी, दो-तीन वीडियो कॉल होंगे। भारत और पाकिस्तान के लोगों को ठगना है। लड़की के रहने, खाने का इंतजाम हो जाएगा। सेफ्टी की गारंटी मे
.
यह खुलासा कंबोडिया में साइबर स्कैम नेटवर्क चलाने वाले एजेंट जाहिद ने किया। कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट ने 23 सितंबर को मीडिया के सामने कहा कि हमने साइबर ठगी के ठिकानों को पूरी तरह खत्म कर दिया है।
ग्राउंड रियलिटी ये है कि वहां अब भी स्कैम सेंटर चल रहे हैं। ठगी के लिए भारत से लड़के-लड़कियों को भर्ती किया जा रहा है। जाहिद ने बताया कि अभी भारत और पाकिस्तान दोनों रूट खुले हैं। इन दोनों देशों के लोगों को डिजिटल अरेस्ट और दूसरे स्कैम में फंसाने का काम चल रहा है।

ये कंबोडिया के प्री वेंग प्रांत में लीजेंड पार्क का ड्रोन से लिया फोटो है। सरकार का दावा है कि यह जगह ऑनलाइन स्कैम के लिए इस्तेमाल की जाती थी। फरवरी 2026 में इसे बंद करवा दिया गया था।
भारत में रिपोर्ट होने वाले साइबर फ्रॉड का करीब 45% साउथ–ईस्ट एशिया यानी कंबोडिया, म्यांमार और लाओस से होता हे। इसलिए हमने नेटवर्क में शामिल होकर पाकिस्तानी एजेंट जाहिद से बात की। पढ़िए और देखिए पूरा खुलासा…
लड़कों की भर्ती और कंबोडिया भेजने का प्लान
रिपोर्टर: कैसे हो जाहिद भाई?
पाकिस्तानी एजेंट: ठीक है। अल्लाह का शुक्र है। सुनाओ।
रिपोर्टर: कुछ लड़के भेजना थे। जरूरत है क्या?
पाकिस्तानी एजेंट: यार आप बात करते हो, लेकिन लड़के आते नहीं।
रिपोर्टर: पिछले बार डर गए थे, तो कुआलालम्पुर भेज दिया था
पाकिस्तानी एजेंट: अभी आपके पास लड़के हैं?
रिपोर्टर: हां, मेरे गांव के ही हैं।
पाकिस्तानी एजेंट: अभी महीने का 800 डॉलर मिल रहा, 200 डॉलर खाने का अलग से देंगे।
रिपोर्टर: कंबोडिया में सरकार सब बंद कर रही है, दिक्कत तो नहीं होगी?
पाकिस्तानी एजेंट: कंपनियां चल रही हैं, गेस्ट हाउस से। कोई दिक्कत नहीं। लड़कों के टूरिस्ट वीजा लगाएंगे, कोई टच नहीं करेगा।

कंबोडिया के स्वे रींग प्रांत में एक कैसीनो पर जनवरी 2026 में कार्रवाई की गई थी। करीब 700 पुलिसकर्मियों ने ऑनलाइन स्कैम के शक में 22 इमारतों वाले परिसर में छापा मारा। इस दौरान 2,044 विदेशी संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
काम की टाइमिंग और साइबर स्कैम का नेटवर्क
रिपोर्टर: एक लड़के पर मेरा कितना कमीशन रहेगा?
पाकिस्तानी एजेंट: 200 डॉलर मिलता है। 100 तुम्हारा, 100 मैं रखूंगा।
रिपोर्टर: लड़कों को 800 डॉलर मिलेंगे?
पाकिस्तानी एजेंट: हां, ड्यूटी टाइम सुबह 11:30 से रात 11:30 रहेगा।
रिपोर्टर: अभी वहां इंडिया के लड़के हैं?
पाकिस्तानी एजेंट: हां भाई, इंडियन प्लेटफॉर्म चालू है। पाकिस्तानी प्लेटफॉर्म भी चालू है।
रिपोर्टर: काम वही डिजिटल अरेस्ट वाले हैं कि दूसरे भी हैं?
पाकिस्तानी एजेंट: डिजिटल वाला है, ऐप है। तुम्हारे इंडिया में रिश्ते करवाते हैं, वो हैं।
लड़की भेजी तो 4 हजार डॉलर तक मिलेंगे
रिपोर्टर: एक लड़की भी है।
पाकिस्तानी एजेंट: लड़की को 4 हजार डॉलर तक सैलरी मिलेगी।
रिपोर्टर: लड़की का क्या काम रहेगा?
पाकिस्तानी एजेंट: मॉडल है बस, कॉल करे।
रिपोर्टर: लेकिन उसकी इंग्लिश ठीक नहीं है।
पाकिस्तानी एजेंट: हिंदी ठीक है? और खूबसूरत होना चाहिए। कॉल करेगी तो मतलब सामने फेस… मॉडल का आपको पता है कि मॉडल क्या होती है।
रिपोर्टर: हां।
पाकिस्तानी एजेंट: उसकी उम्र कितनी है?
रिपोर्टर: 24-25 साल की है।
पाकिस्तानी एजेंट: हां, तो चलेगी। 30-35 साल तक तो मतलब मॉडल होती है। ये न हो कि वो माई बनकर आ जाए। फिर मैं उसको नहीं लगा सकता।
रिपोर्टर: उसे तो वीडियो कॉल पर ही बात करना पड़ेगी?
पाकिस्तानी एजेंट: बस कॉल करनी है, ऑडियो मैसेज करना है। मतलब दिन में दो या तीन वीडियो कॉल लेनी है।
पाकिस्तानी एजेंट: ये नहीं है कि 24 घंटे मैसेज ही करने हैं। कस्टमर ने कॉल किया तो बात करनी है, नहीं तो मैसेज कर देना है।
रिपोर्टर: इंडियन चैनल पर ही करेंगे न काम, इंडियन रूट पर?
पाकिस्तानी एजेंट: हां-हां।
थाईलैंड एयरपोर्ट पर सेटिंग, 1000 डॉलर ‘शो-मनी’
रिपोर्टर: भेजने की प्रोसेस क्या रहेगी?
पाकिस्तानी एजेंट: भाई वीजा-टिकट वहां से ले दो, इधर से सेटिंग के पैसे भेज देना।
रिपोर्टर: सेटिंग के कितने लग रहे हैं अभी?
पाकिस्तानी एजेंट: मैं पता करके बताऊंगा।
रिपोर्टर: एयरपोर्ट से निकाल देंगे?
पाकिस्तानी एजेंट: उन्हें शो मनी देकर भेजो। कम से कम 1000 डॉलर जेब में होना चाहिए, क्योंकि एयरपोर्ट पर चेकिंग होगी।
रिपोर्टर: हां।
पाकिस्तानी एजेंट: मैं वीजा लगवाकर बाहर निकाल लूंगा। ऐसा करो उन्हें थाईलैंड से भेज दो। वहां एयरपोर्ट से थाईलैंड की रिटर्न टिकट खरीदो, इंडिया की मत खरीदो। उसमें आपको डिस्काउंट पड़ेगा।
रिपोर्टर: थाईलैंड से भेज देंगे, लेकिन वो रिटर्न टिकट भी तो देखते हैं एयरपोर्ट पर।
पाकिस्तानी एजेंट: थाईलैंड से अगर भेजोगे, तो रिटर्न टिकट भी थाईलैंड की होगी, इंडिया की नहीं।
रिपोर्टर: आपको बेहतर पता है कि कितना पैसा लगेगा।
पाकिस्तानी एजेंट: हां, थाईलैंड वाली सबसे सही है।
रिपोर्टर: कितनी तारीख तक भेज सकते हैं?
पाकिस्तानी एजेंट: पासपोर्ट भेजो। मैं कल आपको वीजा भेजता हूं। परसों टिकट करवा देते हैं। अभी पाकिस्तान से 10 लड़के मंगवाए हैं। पाकिस्तान और इंडिया-बांग्लादेश की सेटिंग अलग-अलग है। पाकिस्तान की तो 500 डॉलर है। इंडिया वाले अभी नहीं मंगवाए। सेटिंग का पता कर रहा हूं। फिर आपको रेट बताता हूं। यह सेटिंग है। बाकी टिकट वगैरह तो आप खुद ही कर लेना।
रिपोर्टर: ठीक है। सभी को नोम पेन्ह (कंबोडिया की राजधानी) भेजना है?
पाकिस्तानी एजेंट: हां, एयरपोर्ट पर मैं रिसीव करूंगा।यहां अपने घर में रखूंगा। खाना-पीना हर चीज मिलेगी। उसके बाद कंपनी में लगवा दूंगा। फिर हमारी जवाबदारी खत्म। लड़की की सेफ्टी की गारंटी होगी, क्योंकि वो तुम पर ट्रस्ट करके आएगी। हर आदमी की सेफ्टी नहीं करूंगा, इतना ज्यादा पैसा बचता नहीं है।
कंबोडिया की राजधानी से 210 किमी दूर स्कैम सिटी पाकिस्तानी एजेंट जाहिद ने बताया कि राजधानी नोम पेन्ह से करीब 210 किमी दूर शिहानुकविल है। यहीं छोटे अपार्टमेंट्स से स्कैम कंपाउंड चल रहे हैं। कैसीनो, होटल और चीनी निवेश के जरिए बने बड़े-बड़े कैंपस की वजह से ये शहर स्कैम सेंटर्स का ठिकाना बन गया।
यहां विदेशी युवाओं को जॉब के नाम पर बुलाकर बंधक बनाने, पासपोर्ट छीनने और जबरन ऑनलाइन फ्रॉड कराने के मामले दर्ज हुए हैं। कई संदिग्ध मौतें हुई हैं। जाहिद से हमने गेस्ट हाउस में चल रही स्कैम कंपनियों का वीडियो भेजने को कहा तो उसने वीकेंड पर वीडियो कॉल करने की बात कही।

ग्लोबल इनिशिएटिव अगेंस्ट ट्रांसनेशनल ऑर्गनाइज्ड क्राइम यानी GI-TOC की मई 2025 की रिपोर्ट ‘कंपाउंड क्राइम: साइबर स्कैम ऑपरेशन इन साउथ ईस्ट एशिया’ के मुताबिक, कंबोडिया सहित साउथ–ईस्ट एशिया के साइबर स्कैम कंपाउंड केवल ऑनलाइन ठगी के सेंटर नहीं हैं, बल्कि यहां महिलाओं को हिंसा और यौन शोषण का खतरा रहता है।
कुछ महिला कर्मचारियों को मॉडल या ऑनलाइन पर्सोना के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है, जहां उन्हें स्कैम के शिकार लोगों से वीडियो कॉल करने और ठगी के जाल में फंसाने के लिए मजबूर किया जाता है। महिलाओं से लोगों को न्यूड कॉल करवाए जाते हैं। रिपोर्ट कहती है कि अगर महिलाएं अपने तय टारगेट पूरे नहीं कर पाती हैं तो उन्हें यौन शोषण के लिए भी मजबूर किया जा सकता है।
एजेंट ने लड़के-लड़कियों के पासपोर्ट मांगे
भास्कर रिपोर्टर बीते 6 महीने से स्कैम के लिए भर्ती नेटवर्क चलाने वाले एजेंटों के संपर्क में है। जून 2026 में हमने कंबोडिया पहुंचकर स्कैम कंपाउंड्स का पर्दाफाश किया था। इसी पड़ताल के दौरान हमारी मुलाकात जाहिद से हुई थी। हमने खुद को भारत का एजेंट बताया था, जो साइबर क्राइम के लिए लड़के-लड़कियां अरेंज करता है।
लड़कों को कंबोडिया भेजने के लिए जाहिद से हमारी दो बार बात हुई। उसने दोनों बार लड़कों को जल्दी भेजने के लिए कहा। इस बार भी उसने हमसे सभी लड़के-लड़कियों के पासपोर्ट भेजने को कहा है।



हमने मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स के तहत आने वाले इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर को ईमेल के जरिए सवाल भेजे हैं। साथ ही कंबोडिया सरकार की होम मिनिस्ट्री और भारत में कंबोडिया की एम्बेसी को भी पूरी जानकारी देकर सवालों के जवाब मांगे हैं। रिप्लाई आते ही खबर में अपडेट किया जाएगा।
कंबोडिया के स्कैम कंपाउंड पर कंबोडिया से ये रिपोर्ट भी पढ़िए
1. एक लड़के पर 95 हजार कमीशन, काम भारतीयों को लूटना

लड़के भेज दो… एक लड़के पर 95 हजार रुपए तक कमीशन मिलेगा। ये ऑफर कंबोडिया में बैठे एक पाकिस्तानी एजेंट ने भास्कर रिपोर्टर को दिया। शर्त थी कि लड़के इंग्लिश बोलना जानते हो, बाकी काम कंपनी सिखा देगी। कंपनी का नाम नहीं है। वेबसाइट नहीं है। ऑफर लेटर नहीं है। इंटरव्यू टेलीग्राम पर होगा। जॉब दुनियाभर में लोगों को डिजिटल अरेस्ट करके ठगने की है। पढ़िए पूरी खबर…
2. भारतीय से 10 करोड़ ठगे, पाकिस्तानी को 95 लाख कमीशन

‘अमेरिका में जो इंडियन हैं, उनके पास बहुत पैसा है। पाकिस्तानी लड़के ने एक महीने में 95 लाख रुपए से ज्यादा कमीशन उठाया। उसने इंडियन कस्टमर को डिजिटल अरेस्ट कर 9.5 करोड़ की पेमेंट करवाई थी।’ साइबर स्कैम करने वाली इंडस्ट्री में लड़कों की भर्ती करने वाले एजेंट विक्की ने हमें ये बात बताई। कंबोडिया-मलेशिया जैसे देश इसका हब बन चुके हैं। पढ़िए पूरी खबर…
