![]()
बेमेतरा शहर में रविवार को 41वें जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान और प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। बेसिक स्कूल मैदान में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उन्होंने जिले को करीब 183 करोड़ 36 लाख रुपए के 30 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें लोकार्पण और भूमिपूजन के कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने बेमेतरा शहर में गौरव पथ बनाने के लिए 2 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। ग्राम पंचायत तिवरिया में बिजली सब-स्टेशन बनाने का भी ऐलान किया गया। कार्यक्रम में 81 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं 42 मेधावी छात्र-छात्राओं को सामाजिक संस्थाओं की ओर से गोल्ड मेडल और प्रमाण पत्र दिए गए। मुख्यमंत्री के बेमेतरा पहुंचने पर कार्यक्रम स्थल पर अलग-अलग विभागों के सरकारी स्टॉल लगाए गए थे। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले इन स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी ली। शिक्षकों से बातचीत कर उनके योगदान के लिए आभार भी जताया। 6 हजार पंचायतों में डिजिटल सेवा केंद्र शुरू होने का दावा मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकारी सेवाओं को लगातार डिजिटल किया जा रहा है, ताकि लोगों को योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। उन्होंने बताया कि करीब 6 हजार पंचायतों में डिजिटल सेवा केंद्रों की व्यवस्था हो चुकी है। प्रदेश की सभी पंचायतों में डिजिटल सेवा केंद्र खोलने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तहसीलदार, थानेदार, रेंजर से लेकर सचिव स्तर तक की व्यवस्थाओं को डिजिटल किया जा रहा है। इससे सरकारी कामकाज में पारदर्शिता आएगी और लोगों को सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने की प्रतिबद्धता भी जताई। 17 सितंबर को घर-घर दीप जलाने की अपील प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके 25 वर्ष के सार्वजनिक सेवाकाल का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से 17 सितंबर को शाम 7 बजे घरों में दीप जलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सेवा कार्यकाल के सम्मान और आभार के रूप में प्रत्येक परिवार कम से कम एक दीपक जरूर जलाए। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण, जनधन बैंक खाते, उज्ज्वला योजना और हर घर नल जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। शिक्षक राष्ट्र निर्माता होते हैं: CM साय मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन के हर क्षेत्र में प्रगति के लिए शिक्षा जरूरी है। शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक जिस नागरिक का निर्माण करते हैं, उसी से समाज और देश का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक ज्ञान रूपी दीपक जलाकर अज्ञानता का अंधकार दूर करते हैं। उन्होंने बेमेतरा में 41 वर्षों से आयोजित हो रहे शिक्षक सम्मान समारोह को गौरव और सौभाग्य का विषय बताया। उन्होंने समारोह की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व राष्ट्रपति और मिसाइल मैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन समेत देश की कई प्रतिष्ठित हस्तियां यहां अतिथि के रूप में शामिल हो चुकी हैं। नालंदा परिसर में स्टडी मटेरियल, लाइब्रेरी और कोचिंग की सुविधा मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा के विस्तार के लिए लगातार काम किया जा रहा है। नालंदा परिसर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को स्टडी मटेरियल, लाइब्रेरी और कोचिंग की सुविधा मिल रही है। गरीब परिवारों के बच्चों के लिए शिक्षा लोन, छात्रवृत्ति और प्रोत्साहन राशि जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने ढाई वर्षों में मोदी की गारंटी के वादों को पूरा किया है। महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, सेवा सेतु और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जैसी योजनाओं के माध्यम से लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बारिश में कीचड़ के बीच बैठे लोग बेसिक स्कूल मैदान में कार्यक्रम बड़े स्तर पर आयोजित किया गया था। हालांकि बारिश के चलते मैदान के पीछे की ओर कीचड़ की समस्या रही। यहां पहुंचे कुछ लोग कीचड़ के बीच बैठने को मजबूर रहे। कई लोगों के लिए कुर्सियां लगाई गई थीं, लेकिन पीछे की तरफ बैठे लोगों के लिए पर्याप्त छत और सूखी जमीन की व्यवस्था नहीं थी। बारिश के दौरान कुछ लोग कीचड़ में बैठकर कार्यक्रम सुनते दिखाई दिए। वहीं कई लोग पीछे खड़े रहकर कार्यक्रम देखते रहे। बड़े आयोजन में इस तरह की अव्यवस्था से आम लोगों को परेशानी हुई। अरुण साव बोले- शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माता उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि हमारी सनातन परंपरा में गुरु का स्थान सदैव सर्वोपरि रहा है। शिक्षक अज्ञानता के अंधकार को मिटाकर ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाता है। शिक्षक ही समाज और राष्ट्र निर्माता होता है, जो आने वाली पीढ़ी को सही दिशा देता है। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई दी। दयाल दास बघेल बोले- शिक्षा शेरनी का दूध खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा, “शिक्षा वह शेरनी का दूध है, जो पीता है वह दहाड़ता है।” उन्होंने शिक्षकों से बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार देने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षक दीपक के समान होते हैं, जो स्वयं जलकर दूसरों को प्रकाश देते हैं। 41 साल से जारी है शिक्षक सम्मान की परंपरा बेमेतरा में जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह पिछले 41 वर्षों से आयोजित होता आ रहा है। शिक्षा और शिक्षकों के सम्मान के क्षेत्र में इस आयोजन ने प्रदेशभर में अपनी पहचान बनाई है। कार्यक्रम में “शिक्षक स्मृति” पत्रिका का विमोचन भी किया गया।
Source link
CM ने 183 करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन-लोकार्पण:बेमेतरा में मुख्यमंत्री ने 81 सेवानिवृत्त शिक्षक और 42 मेधावी छात्रों को किया सम्मानित
