फरीदकोट सर्च ऑपरेशन में शामिल पुलिस टीम।
फरीदकोट में जिला पुलिस ने ऑपरेशन CASO के तहत नशे के हॉटस्पॉट माने जाने वाले इलाकों में सर्च अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने नशा तस्करी से जुड़े संदिग्ध लोगों के घरों की तलाशी ली। इस दौरान कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।
.
राज्य सरकार के नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के निर्देश पर फरीदकोट, कोटकपूरा और जैतो सब-डिवीजन में डीएसपी और एसएचओ स्तर के अधिकारियों की अगुवाई में अलग-अलग पुलिस टीमों ने कार्रवाई की।
छज्जघड़ा मोहल्ले में सर्च अभियान चलाया गया
टीमों ने नशे के हॉटस्पॉट माने जाने वाले इलाकों में दबिश देकर नशा तस्करी में संलिप्त रहे लोगों के घरों की तलाशी ली। फरीदकोट में अंबेडकर नगर, बाजीगर बस्ती और जोतराम कॉलोनी, कोटकपूरा में इंदिरा कॉलोनी और जैतो चुंगी, जबकि जैतो के छज्जघड़ा मोहल्ले में सर्च अभियान चलाया गया।
नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई
फरीदकोट में अभियान का नेतृत्व कर रहे डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। कई बड़े नशा तस्करों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि कुछ तस्कर जमानत या पैरोल पर बाहर आने के बाद दोबारा नशे के कारोबार में शामिल हो जाते हैं। ऐसे लोगों पर शिकंजा कसने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया है।

संदिग्ध लोगों के घरों पर सर्च करते पुलिस कर्मचारी

फरीदकोट में संदिग्ध तस्करों के घरों पर दबिश देती पुलिस।

पानी की टंकी चेक करते हुए पुलिसकर्मी।

जानकारी देते डीएसपी तरलोचन सिंह।
नशे पर नकेल कसने के लिए चलाया सर्च ऑपरेशन: DSP
डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस समय-समय पर सर्च ऑपरेशन चलाती है। अभियान का उद्देश्य नशा तस्करों पर कार्रवाई के साथ-साथ नशे की गिरफ्त में आए लोगों को भी मुख्यधारा में वापस लाना है।
उन्होंने कहा कि जो लोग नशा छोड़ना चाहते हैं, पुलिस उनकी मदद कर उन्हें पुनर्वास केंद्रों में भेजती है। वहां उनका इलाज मुफ्त कराया जाता है, ताकि वे नशे की लत से बाहर निकलकर सामान्य जीवन जी सकें।
