हाथरस4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

हाथरस में इन्फ्लूएंजा-ए (H1N1) संक्रमण का एक मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। सिकंदराराऊ कस्बे के मोहल्ला सराय उमदा निवासी 50 वर्षीय यामीन में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है। उनका उपचार अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जहां उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
मरीज में 23 अगस्त से संक्रमण के लक्षण दिखाई देने लगे थे। अलीगढ़ में जांच के दौरान H1N1 संक्रमण की पुष्टि होने के बाद रविवार दोपहर करीब एक बजे स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पांस टीम (RRT) सराय उमदा पहुंची। टीम ने मरीज के परिवार के साथ आसपास के 40 घरों में संभावित इन्फ्लूएंजा मरीजों की स्क्रीनिंग की।
इस दौरान कुल 224 लोगों की जांच की गई। राहत की बात यह रही कि किसी भी व्यक्ति में बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस फूलने जैसे इन्फ्लूएंजा संबंधी लक्षण नहीं मिले। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतने और लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करने की सलाह दी।

प्रत्येक ब्लॉक में RRT, MDTB अस्पताल में अलग वार्ड
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि विभिन्न जिलों में H1N1 के बढ़ते मामलों को देखते हुए हाथरस में निगरानी और उपचार व्यवस्था मजबूत की गई है। संदिग्ध मरीजों की पहचान, समय पर उपचार, गंभीर मरीजों को रेफर करने और संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है।
प्रत्येक विकासखंड में रैपिड रिस्पांस टीम का गठन किया गया है। ये टीमें श्रेणी-बी के मरीजों के उपचार, होम आइसोलेशन संबंधी सलाह और नियमित फॉलोअप की व्यवस्था करेंगी। इसके अलावा MDTB चिकित्सालय में H1N1 मरीजों के लिए अलग वार्ड भी स्थापित किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीज के परिजनों से बातचीत कर आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि इन्फ्लूएंजा जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लें।

