![]()
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने मार्च-2027 में होने वाली 10वीं और 12वीं की वार्षिक बोर्ड परीक्षाओं के लिए प्रश्नपत्रों का नया प्रारूप लागू करने का निर्णय लिया है। यह बदलाव राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और PARAKH के अनुरूप किया गया है।
.
नए पैटर्न का उद्देश्य विद्यार्थियों की रटने की क्षमता के बजाय उनकी तार्किक सोच, विश्लेषण, समस्या समाधान और ज्ञान के व्यावहारिक उपयोग का मूल्यांकन करना है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि नए प्रारूप के तहत प्रश्नपत्र में 50 प्रतिशत औसत स्तर के, 30 प्रतिशत आसान स्तर के और 20 प्रतिशत कठिन स्तर के प्रश्न शामिल होंगे। इससे विभिन्न क्षमता वाले विद्यार्थियों को संतुलित अवसर मिल सकेगा।
20 प्रतिशत बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे
डॉ. शर्मा ने यह भी बताया कि प्रश्नपत्रों में लगभग 20 प्रतिशत बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) होंगे। इसके अतिरिक्त, केस स्टडी, योग्यता आधारित और अवधारणात्मक प्रश्नों को विशेष महत्व दिया गया है। इसका लक्ष्य विद्यार्थियों की समझ और विषय पर उनकी पकड़ का बेहतर आकलन करना है।
सभी विषयों के मॉडल प्रश्नपत्र और अंक विभाजन भी जारी
बोर्ड ने संशोधित परीक्षा पैटर्न के अनुसार सभी विषयों के मॉडल प्रश्नपत्र और अंक विभाजन भी जारी कर दिए हैं। इन्हें बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के डाउनलोड अनुभाग से देखा और डाउनलोड किया जा सकता है। इन मॉडल प्रश्नपत्रों से विद्यार्थियों को प्रश्नों की प्रकृति, कठिनाई स्तर और उत्तर लेखन की शैली समझने में मदद मिलेगी।
गुणवत्तापूर्ण और विद्यार्थी-केंद्रित बनेगी परीक्षा प्रणाली
डॉ. शर्मा ने कहा कि ये बदलाव परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से किए गए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से नए पैटर्न के अनुरूप तैयारी करने तथा मॉडल प्रश्नपत्रों का नियमित अभ्यास करने का आग्रह किया।
