रामपुर में लवी मेले को लेकर डिसी शिमला अनुपम कश्यप बैठक की अध्यक्षता करते हुए।
रामपुर में अंतरराष्ट्रीय लवी मेला 11 से 14 नवंबर तक आयोजित होगा। डीसी अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में हुई बैठक में मेले को आकर्षक, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की रूपरेखा तैयार की गई। मेले में चार सांस्कृतिक संध्याएं होंगी: दो पहाड़ी संस्कृति, एक बॉलीवुड
.
मिस्टर-मिस बुशहर प्रतियोगिता, लेजर शो, पारंपरिक वाद्य यंत्र प्रतियोगिता, कवि सम्मेलन, खेलकूद प्रतियोगिताएं, वॉल आर्ट प्रतियोगिता और पारंपरिक स्वाद महोत्सव मुख्य आकर्षण रहेंगे।
डीसी अनुपम कश्यप ने कहा कि लवी मेला बुशहर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक विरासत का प्रतीक है। इसके माध्यम से पारंपरिक कलाओं, हस्तशिल्प, हथकरघा, ऊनी उत्पादों, आभूषणों और स्थानीय कृषि-बागवानी उत्पादों को बढ़ावा दिया जाएगा। बुशहर रियासत के इतिहास, पुराने छायाचित्रों और दस्तावेजों की प्रदर्शनी भी लगेगी।
रामपुर शहर में विशेष लाइटिंग, सजावट और सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। लोगों की सुविधा के लिए अतिरिक्त अस्थायी पेयजल कनेक्शन और पार्किंग की व्यवस्था होगी। एसएसपी गौरव सिंह के अनुसार, मेले के दौरान कानून-व्यवस्था के लिए करीब 300 पुलिसकर्मी तैनात होंगे। यातायात प्रबंधन के साथ अवैध गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जाएगी।
चामुर्थी नस्ल के घोड़ों की अश्व प्रदर्शनी लगेगी।
मेले में हिमाचल की प्रसिद्ध चामुर्थी नस्ल के घोड़ों की अश्व प्रदर्शनी लगेगी। घोड़ों की 400 और 800 मीटर दौड़ तथा गुब्बारा फोड़ प्रतियोगिताएं भी होंगी। किसान गोष्ठी में पशुपालकों को पशुओं की देखभाल, खान-पान और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी जाएगी।
ये रहे मौजूद
बैठक में एसडीएम हर्ष अमरेंद्र नेगी, एएसपी गौरवजीत सिंह, डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष कर्ण शर्मा, उपाध्यक्ष रोहित नेगी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा और कैलाश फेडरेशन के निदेशक त्रिलोक बलूनी सहित अन्य मौजूद रहे।

लवी मेले के इतिहास पर निबंध प्रतियोगिता होगी
इस बार स्कूली विद्यार्थियों के लिए लवी मेले के इतिहास पर निबंध प्रतियोगिता होगी। सरकारी विभाग अपनी पिछले तीन वर्षों की नई उपलब्धियां प्रदर्शित करेंगे। नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा, स्वास्थ्य जांच, रक्तदान, साइबर सुरक्षा, जल संरक्षण, स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त मेले को लेकर जागरूकता गतिविधियां भी होंगी।
