![]()
प्रतापपुर में आईपीएस के पिता से दो लाख रुपये की उठाईगिरी करने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आईपीएस के पिता ने बैंकों से दो लाख रुपये निकलवाए थे। आरोपियों ने उनकी स्कूटी से रुययों से भरा बैग लेकर फरार हो गये थे। आरोपियों से एक लाख 37 हजार रुपये नगद बरामद किया गया है। मामला प्रतापपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, मानपुर, खड़गवां निवासी रामसेवक गुप्ता 18 सितंबर 2026 को अपनी स्कूटी से प्रतापपुर आये थे। उन्होंने सहकारी व स्टेट बैंक से 2 लाख रूपये निकाला और पैसों को प्लास्टिक झोले में रखकर स्कूटी की डिग्गी में रखा था। प्रतापपुर में वे एक दुकान के पास रूके थे, जहां से अज्ञात उठाईगीरों ने रुपयों से भरा बैग निकाल लिया था। CCTV फुटेज से मिला सुराग, बादी गैंग के युवक थे शामिल मामले में पुलिस ने धारा 303(2),3(5) 112, 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। आईपीएस के पिता से उठाईगिरी की सूचना मिली तो पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। सूरजपुर एसपी योगेश पटेल ने मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और पुलिस टीम गठित कर दी। बैंक, घटनास्थल एवं मार्ग में लगे सीसीटीवी के फुटेज की जांच की गई, जिसमें दो बाइकों में सवार चार संदिग्ध दिखे। जांच के दौरान आरोपियों की शिनाख्त कर ली गई। पुलिस की टीम ने बतौली क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी संतोष कुमार मीणा उर्फ मोनू नट (25 वर्ष) निवासी पत्थलगांव, जिला जशपुर और रोहित यादव (34 वर्ष) निवासी कोढ़ा, जिला कटिहार को पकड़ा। पूछताछ पर आरोपियों ने उठाईगिरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के पास से एक लाख 37 हजार रूपये बरामद किया गया है। घटना में प्रयुक्त बाइक जब्त की गई है।
पुलिस दो अन्य आरोपियों की पतासाजी की जा रही है। एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दिया गया है। फरार आरोपी भी नट गिरोह के हैं। आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।
Source link
IPS के पिता से उठाईगिरी के दो आरोपी गिरफ्तार:बैंक से निकाले गए दो लाख की हुई थी उठाईगिरी, नट गिरोह ने की थी वारदात
