अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता सोमवार को शहर कोतवाली थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और थानाधिकारी सुरजाराम और हेड कॉन्स्टेबल दीपेंद्र सिंह शेखावत को सस्पेंड करने की मांग की।
.
ABVP कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कारगिल विजय दिवस के अवसर पर प्रस्तावित तिरंगा यात्रा की सूचना देने पहुंचे परिषद के पदाधिकारियों के साथ कोतवाली थाने में पुलिसकर्मियों ने गाली-गलौच की।
संगठन का दावा है कि कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की की गई, कॉलर पकड़कर गाली-गलौच की गई। उन्हें थाने में बेवजह प्रताड़ित किया गया।

थाने के बाहर धरने पर बैठे ABVP के पदाधिकारी और कार्यकर्ता।
कलेक्टर और एसपी ऑफिस भी गए थे
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, वे अपनी मांगों को लेकर पहले जिला कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन देने पहुंचे थे, लेकिन अधिकारियों से मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद कार्यकर्ता शहर कोतवाली पहुंचे और थाने के मुख्य द्वार के बाहर धरने पर बैठ गए।
ABVP के विभाग संयोजक कर्णपाल सिंह कोटड़ा और जिला संयोजक पेम्पसिंह भाटी ने कहा कि 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के मौके पर प्रस्तावित तिरंगा यात्रा के संबंध में नियमानुसार पुलिस को सूचना देने कार्यकर्ता थाने गए थे। सूचना लेने के बजाय उनके साथ गलत व्यवहार किया गया।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
फिलहाल स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और प्रदर्शन को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं।
