जोधपुर नगर निगम के 100 वार्डों में से 99 वार्डों के परिणाम घोषित हो चुके हैं। ईवीएम में खराबी के कारण वार्ड 50 का परिणाम रोका गया था, जिसके 338 बूथ पर मंगलवार को दोबारा वोटिंग होगी।
.
इन चुनावों में निर्दलीय प्रत्याशी भाजपा और कांग्रेस दोनों पर भारी पड़े हैं। शहर के दो वार्ड ऐसे हैं, जहां कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी को बराबर वोट मिले। वहीं, शहर के दो वार्डों में बीजेपी चौथे नंबर पर रही। इन वार्डों में बीजेपी प्रत्याशियों को निर्दलीय उम्मीदवारों से भी कम वोट मिले हैं।
शहर के 18 वार्डों में निर्दलीय और अन्य दल के प्रत्याशियों ने बिगाड़ा गणित
इस चुनाव में 185 प्रत्याशी निर्दलीय और अन्य दलों के थे। इनमें 10 निर्दलीय और 1 आरएलपी प्रत्याशी ने जीत हासिल की है। लेकिन भाजपा और कांग्रेस के 18 वार्डों में निर्दलीय और अन्य दलों के प्रत्याशियों ने दोनों दलों की जीत का समीकरण बिगाड़ दिया।
जोधपुर में 15 वार्ड ऐसे हैं, जहां भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल तीसरे नंबर पर रही। इनमें वार्ड नंबर 3, 5, 15,19, 27, 28, 29, 33, 38, 47, 48,66, 69, 73, 76, 31, 72 और 81 नंबर वार्ड शामिल है।

वार्ड नंबर 3 में कांग्रेस-निर्दलीय प्रत्याशी को बराबर वोट
वार्ड नंबर 3 में भाजपा के प्रत्याशी की जीत हुई। लेकिन इस वार्ड में सबसे रोचक मुकाबल कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच रहा। कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी दोनों को बराबर 1185 वोट मिले है।

बीजेपी 10 और कांग्रेस 5 वार्डों में तीसरे नंबर पर रही
भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के प्रत्याशियों को निर्दलीय प्रत्याशियों ने कड़ी टक्कर दी है। 99 में से बीजेपी 10 वार्डों में और कांग्रेस 5 वार्डों में तीसरे नंबर पर रही है। इन वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी दोनों पर भारी पड़े।
जहां तीसरे नंबर पर रही भाजपा-कांग्रेस वहां कांटे की टक्कर
वार्ड नंबर 28 में बीजेपी को 49.6 प्रतिशत वोट मिले। यहां से कांग्रेस के पूर्व पार्षद तीसरे नंबर पर रहे। यहां निर्दलीय को 25.3 प्रतिशत और कांग्रेस को 25.1 प्रतिशत वोट मिले।
इसी तरह वार्ड 81 में भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी की जीत हुई। इन्हें 26.7 प्रतिशत वोट मिले। बीजेपी इस वार्ड में तीसरे नंबर पर रही, जहां प्रत्याशी को 19.5 और दूसरे नंबर पर रहे कांग्रेस प्रत्याशी को 25.2 प्रतिशत वोट मिले।
दो वार्डों में बीजेपी चौथे नंबर पर, 3 से 4 प्रतिशत रहा वोट शेयर
शहर के दो वार्डों में बीजेपी का वोटिंग शेयर प्रतिशत सबसे कम रहा। इनमें वार्ड 31 और वार्ड 72 शामिल हैं। वार्ड 31 में बीजेपी को महज 3.1% और 72 में 4.3% प्रतिशत रहा। वार्ड 31 और 71 में बीजेपी प्रत्याशियों से ज्यादा दो निर्दलीय प्रत्याशियों को वोट मिले।

ये भी पढ़ें…
