कटिहार के कोढ़ा थाना क्षेत्र में नशीले कफ सिरप की तस्करी का मामला सामने आया है। कोलासी पुलिस ने बीजेपी का झंडा और पुलिस का लोगो लगी सफेद आई-20 कार से 1800 बोतल कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया है।
.
पुलिस ने कार सवार अमित कुमार साह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बरामद सिरप की आपूर्ति कहां से हुई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नशीला पदार्थ लेकर तस्कर कोलासी के रास्ते गुजरने वाले हैं। इसके बाद पुलिस ने कोलासी चौक पर बैरिकेडिंग कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान बीजेपी का झंडा और पुलिस का लोगो लगी सफेद आई-20 कार को रोकने की कोशिश की गई। आरोप है कि चालक ने गाड़ी भगाने का प्रयास किया।
इस दौरान कोलासी पुलिस शिविर प्रभारी सरवन कुमार घायल हो गए। हालांकि, उन्होंने पुलिस बल की मदद से वाहन को रुकवाया।
देखें, मौके से आई तस्वीरें…



कार की तलाशी में मिलीं 1800 बोतलें
वाहन रोकने के बाद पुलिस ने उसकी तलाशी ली। इस दौरान कार से 1800 बोतल कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया गया। पुलिस ने निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत सिरप जब्त कर लिया। पूरी कार्रवाई कोढ़ा के अंचल अधिकारी सह मजिस्ट्रेट संजीव कुमार और ड्रग इंस्पेक्टर तनवीर आलम की देखरेख में की गई।
हिरासत में लिए गए अमित कुमार साह से पूछताछ
पुलिस ने इस मामले में कटिहार के सिमरा बागान निवासी अमित कुमार साह को हिरासत में लिया है। उससे बरामद कफ सिरप के स्रोत, संभावित खरीदार और आपूर्ति के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वाहन पर बीजेपी का झंडा और पुलिस का लोगो किस उद्देश्य से लगाया गया था। इन प्रतीकों का इस्तेमाल तस्करी में किया गया या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

झंडे के दुरुपयोग पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने मांगी कार्रवाई
मामले को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के कटिहार जिलाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बीजेपी के झंडे के कथित दुरुपयोग पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि पार्टी का झंडा लगाकर गलत काम करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन, एसपी और डीएसपी से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
प्रिंस कुमार ने कहा, “निश्चित रूप से जो भी भाजपा का झंडा लगाकर गलत उपयोग कर रहा है, उसके ऊपर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो।”

पार्टी पदाधिकारी या कार्यकर्ता की संलिप्तता की जानकारी नहीं
बीजेपी के किसी पदाधिकारी या कार्यकर्ता का नाम सामने आने के सवाल पर प्रिंस कुमार ने कहा कि अभी तक उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली है।
उन्होंने कहा कि पार्टी की छवि धूमिल करने की कोशिश करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस की जांच का मुख्य केंद्र बरामद कफ सिरप का स्रोत, उसकी आपूर्ति का गंतव्य और वाहन पर लगे राजनीतिक झंडे व पुलिस के लोगो के इस्तेमाल की वजह है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए वाहन जांच और निगरानी अभियान जारी रहेगा। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
