सांसद ब्रेड विस ने यह वीडियो जारी किया, जिसमें युवक सरेआम फायरिंग करते हुए दिख रहे हैं।
कनाडा में लॉरेंस गैंग को लेकर सियासत गरमा गई है। गैंग की ओर से कनाडा में राज करने की धमकी वाला कथित लेटर सामने आने के बाद वहां के सांसद ब्रैड विस ने लॉरेंस गैंग का एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में 10 फायरिंग की घटनाओं के फुटेज शामिल किए गए हैं। जिस
.
सांसद ब्रैड विस ने कनाडा सरकार से मांग की है कि लॉरेंस गैंग से जुड़े उन लोगों पर तुरंत कार्रवाई की जाए, जो छात्र वीजा या किसी अन्य अस्थायी अनुमति पर कनाडा में रह रहे हैं। उनका कहना है कि अगर कोई व्यक्ति इस आपराधिक गिरोह से जुड़ा पाया जाता है और कनाडा में रहने का कानूनी अधिकार खो देता है, तो उसे इमिग्रेशन कानून के तहत देश से बाहर किया जाना चाहिए।
ब्रैड विस ने लॉरेंस गैंग को मुख्य रूप से पंजाब से चलने वाला आपराधिक नेटवर्क बताया है। उन्होंने गैंग पर जबरन वसूली, गोलीबारी और धमकियों के आरोप लगाते हुए कहा कि उनके गृह नगर में कारोबारियों को 10 लाख डॉलर तक की मांग वाले पत्र मिले थे। उन्होंने यह भी कहा कि कनाडा सरकार ने 29 सितंबर 2025 को लॉरेंस बिश्नोई गैंग को आतंकवादी संगठन के रूप में सूचीबद्ध किया था।
अब सांसद की मांग गैंग से जुड़े लोगों के खिलाफ इमिग्रेशन कानून के तहत कार्रवाई, वीजा रद्द करने और देश से बाहर करने की है। उन्होंने सीमा सुरक्षा एजेंसी (CBSA) और पुलिस (RCMP) को भी सख्त कार्रवाई के लिए विशेष अधिकार देने की मांग की है।

ब्रेड विस ने कहा कि गैंग से जुड़े लोगों को तुरंत डिपोर्ट किया जाए।
वीडियो में सांसद ने ये बड़ी बातें कही…
- गैंग पूरे कनाडा में आतंक फैला रहा: कनाडा के सांसद ब्रेड विस ने कहा कि लॉरेंस गैंग बेहद हिंसक है। यह गैंग कई सालों से ब्रिटिश कोलंबिया और पूरे कनाडा में आतंक फैला रहा है। उन्होंने कहा कि यह दक्षिण एशिया, खासकर पंजाब से उभरा गैंग है, जिसने कनाडा की कमजोर इमिग्रेशन नीतियों का फायदा उठाया। उनके अनुसार, कुछ लोग छात्र बनकर कनाडा आते हैं और यहां गैंगस्टर के तौर पर काम करने लगते हैं।
- दुकानों पर जबरन वसूली के पत्र लगाए: सांसद ने कहा कि उनके गृह नगर में कारोबारियों की दुकानों और प्रतिष्ठानों के बाहर जबरन वसूली के पत्र लगाए गए थे। इनमें 10 लाख डॉलर देने की मांग की गई थी और ऐसा नहीं करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी। उन्होंने कहा कि कुछ मामलों में लोगों पर गोलियां भी चलाई गई हैं।
- आतंकवादी संगठन के रूप में सूचीबद्ध किया: उन्होंने कहा कि पिछले साल लॉरेंस गैंग को कनाडा में आतंकवादी संगठन के रूप में सूचीबद्ध किया गया था। सांसद के अनुसार, कंजर्वेटिव पार्टी के दबाव के बाद लिबरल सरकार ने यह कदम उठाया। अब जरूरत इसके सख्ती से पालन और कार्रवाई की है।
- कारोबारियों से वसूली करने की धमकी: सांसद ने बताया कि कनाडा के रक्षा मंत्री और देशभर की पुलिस को भेजे गए एक पत्र में लॉरेंस गैंग ने खुद को भारतीय गैंग बताते हुए कनाडा में उसे रोकने की चुनौती दी। सांसद के मुताबिक, पत्र में और हिंसा फैलाने, पुलिस अधिकारियों को अपशब्द कहने और कारोबारियों से वसूली करने की धमकी दी गई।
- वीजा रद्द कर देश से बाहर किया जाए: सांसद ने कनाडा सरकार से मांग की कि लॉरेंस गैंग से जुड़े जो लोग अभी छात्र वीजा या किसी अन्य वीजा पर कनाडा में हैं, उनका वीजा रद्द कर उन्हें देश से बाहर किया जाए। उन्होंने सीमा सुरक्षा एजेंसी (CBSA) और पुलिस (RCMP) को इस मामले में तत्काल ठोस कार्रवाई के लिए विशेष अधिकार देने की भी मांग की।

सांसद ब्रेड विस ने ये वीडियो किए जारी किया, जिसमें युवक सरेआम गोलियां चलाते हुए दिख रहा है।
100 से ज्यादा जबरन वसूली के मामले
कनाडा की वित्तीय खुफिया एजेंसी (FINTRAC) ने अप्रैल 2026 में एक रिपोर्ट जारी की थी। इसके अनुसार, 2026 की शुरुआत से अब तक दक्षिण एशियाई समुदाय को निशाना बनाकर जबरन वसूली के 100 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। इन मामलों में लॉरेंस गैंग और उसके स्थानीय नेटवर्क का नाम आया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इन मामलों में 300 से ज्यादा संदिग्ध शामिल पाए गए और करीब 63 हजार से ज्यादा संदिग्ध अवैध ट्रांजेक्शन्स को ट्रैक किया गया। अल्बर्टा, ब्रिटिश कोलंबिया और ओंटारियो समेत कनाडा के कई प्रांतों में व्यापारियों के घरों में आगजनी और गोलीबारी की घटनाएं भी सामने आई हैं।
गैंग ने इन वारदातों की जिम्मेदारी ली
- अक्टूबर 2025 में रेस्टोरेंट पर फायरिंग: कनाडा के सरे शहर में एक भारतीय रेस्टोरेंट मालिक के 3-4 ठिकानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। सोशल मीडिया पर लॉरेंस गैंग के गुर्गे गोल्डी ढिल्लों ने पोस्ट साझा कर इस हमले की जिम्मेदारी ली थी।
- कपिल शर्मा के कैफे पर सिलसिलेवार हमले: सरे स्थित कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैप्स कैफे पर जुलाई से अक्टूबर 2025 के बीच तीन बार फायरिंग की गई, जिसकी जिम्मेदारी इस सिंडिकेट से जुड़े शूटरों ने ली।
- नवंबर 2025 में कनाडा-अल्बर्टा में आपसी गुर्गों की हत्या: गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा ने संयुक्त रूप से दुबई में लॉरेंस के करीबी सहयोगी जोरा सिद्धू की चाकू मारकर हत्या करने की जिम्मेदारी ली। पुलिस फाइलों के अनुसार, जोरा सिद्धू कनाडा में गैंग के लिए वॉट्सऐप के जरिए जबरन वसूली का नेटवर्क चला रहा था।
- साउथ एशियन कम्युनिटी के घरों पर फायरिंग: एडमॉन्टन, कैलगरी और ओंटारियो में रहने वाले अमीर दक्षिण एशियाई मूल के लोगों, राजनेताओं और सांस्कृतिक लीडर्स को रंगदारी के लिए निशाना बनाया गया। कनाडा पुलिस की प्रोजेक्ट गार्टर जांच के मुताबिक, पैसे न देने पर दर्जनों घरों पर पेट्रोल बम फेंकने और गोलीबारी की घटनाओं की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर इस गैंग के हैंडलर्स ने ली।
***************
लॉरेंस गैंग से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें:
लॉरेंस गैंग की धमकी- हम कनाडा पर राज करेंगे:हमारे पास 5000 से ज्यादा शूटर, रास्ते में आए तो गोलियां चलेंगी; चिट्ठी सामने आई

गैंगस्टर लॉरेंस गैंग ने कनाडा सरकार को उनके देश पर राज करने की धमकी दी। इसके लिए भारत से लेटर भेजा गया। दावा है कि लेटर साल 2025 में कनाडा सरकार को भेजा गया। अब इस लेटर को कनाडा के मीडिया हाउस CBC न्यूज ने हासिल कर पूरे मामले का खुलासा किया है। लॉरेंस गुजरात की साबरमती जेल में है। (पढ़ें पूरी खबर)
