Headlines

LT वेयरहाउस लूटकांड का खुलासा, दो गिरफ्तार:हजारीबाग पुलिस ने किया खुलासा, आरोपियों का रहा है आपराधिक इतिहास




हजारीबाग पुलिस ने लूट की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चुरचू थाना क्षेत्र में एल एंड टी कंपनी के वेयरहाउस में हुई लूट और पेलावल ओपी क्षेत्र की एक अन्य घटना शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए सामान भी बरामद किए गए हैं। विष्णुगढ़ सीडीपीओ फौजान अहमद ने यह जानकारी दी। 18/19 जुलाई 2026 की रात चुरचू थाना क्षेत्र में एल एंड टी कंपनी के वेयरहाउस में लूट की वारदात हुई थी। अज्ञात अपराधियों ने वेयरहाउस के गार्ड को बंधक बनाकर इस घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में चुरचू थाना कांड संख्या 59/26, धारा 309(4) बीएनएस के तहत अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसी तरह, पेलावल ओपी क्षेत्र में भी लूट की एक घटना सामने आई थी। इस मामले में कटकमसांडी (पेलावल ओपी) थाना कांड संख्या 105/26 दर्ज किया गया था। दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय और अनुसंधान पर्यवेक्षक ने किया। एसआईटी ने तकनीकी और गहन अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मोहम्मद जमाल (लगभग 30 वर्ष, पिता मोहम्मद मिन्हाज अंसारी, ग्राम मायाल, थाना रजरप्पा, जिला रामगढ़) और उसके सहयोगी मोहम्मद नासिर (पिता कमरूल अंसारी, ग्राम जरियो, थाना रजरप्पा, जिला रामगढ़) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर एल एंड टी कंपनी के वेयरहाउस से लूटे गए सामान बरामद किए गए। जांच में यह भी पता चला कि लूटे गए सामान का एक हिस्सा हजारीबाग के कबाड़ी व्यापारी इम्तियाज आलम (पिता मोहम्मद मुस्तफा, ग्राम सरदार चौक, थाना सदर, जिला हजारीबाग) को बेचा गया था। बरामद सामान में पांच की-पैड मोबाइल फोन, एसर कंपनी का एक एलसीडी मॉनिटर और केबल वायर शामिल हैं। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला है। मोहम्मद जमाल के खिलाफ रजरप्पा, कटकमसांडी और सिकीदिरी थाना क्षेत्रों में कई मामले दर्ज हैं। वहीं, मोहम्मद नासिर के खिलाफ रामगढ़ और कुजू थाना क्षेत्रों में पूर्व से मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस की इस कार्रवाई से लूटकांड के उद्भेदन में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *