लुधियाना के बहादुरके रोड पर तेज रफ्तार टियागो ईवी कार ने कई वाहनों को उड़ाया।
लुधियाना के बहादुरके रोड पर तेज रफ्तार टियागो ईवी कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में 5 लोग घायल हुए हैं। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार एक के बाद एक साइकिल, बाइक, ई-रिक्शा और एक्टिवा को टक्कर मारती नजर आ रही है।
.
वीडियो फुटेज में साफ दिख रहा है कि सड़क पर ट्रैफिक चल रहा है। गुरुवार शाम आगे से एक सफेद रंग की टियागो ईवी कार बिना ब्रेक लगाए सीधे साइकिल और बाइक सवार को टक्कर मार देती है। इससे बाइक सवार हवा में 3 गुलाटियां खाकर करीब 30 फीट दूर जमीन पर जा गिरता है।
इसके तुरंत बेकाबू कार आगे से आ रहे 2 ई-रिक्शा और एक्टिवा को भी टक्कर मारती है। इससे ई-रिक्शा पूरी तरह पलट जाता है। पुलिस ने कार ड्राइवर को पकड़ लिया है।

CCTV में हवा में उड़ता नजर आया बाइक सवार।

जानकारी देते हुए घायल जतिंदर।
ई-रिक्शा में आगे से सीधी टक्कर मार दी ड्राइवर जतिंदर पाल सिंह, जिनके सिर पर गंभीर चोट है ने बताया कि वह अपने ई-रिक्शा में 2 सवारियां लेकर जा रहे थे। जतिंदर के मुताबिक, आगे से आ रही कार की स्पीड करीब 100 से 120 किमी/घंटा थी। कार ने एक सेकंड के भीतर ही मोटरसाइकिल और उनके ई-रिक्शा में आगे से सीधी टक्कर मार दी।
गाड़ी से बाहर निकलने की हालत में नहीं था ड्राइवर जतिंदर ने यह भी बताया कि एक्सीडेंट के बाद कार ड्राइवर गाड़ी से बाहर निकलने की हालत में नहीं था, जिससे उसके नशे में होने का शक है। इस हादसे में जतिंदर के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। सलेम टाबरी थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी कार ड्राइवर को पकड़ लिया है।
