Headlines

MJS का विवाद थाने पहुंचा, एबीवीपी का कोतवाली में धरना:छात्र नेता ने एसआई पर मारपीट का लगाया आरोप, निलंबन की मांग पर अड़े कार्यकर्ता




भिंड के एमजेएस कॉलेज में प्राचार्य की कुर्सी को लेकर शुरू हुई खींचतान अब छात्र गुटों के टकराव और पुलिस पर मारपीट के आरोप तक पहुंच गई है। कॉलेज में छात्रों के बीच मारपीट की शिकायत पर पुलिस एबीवीपी के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य सुमित दीक्षित को पूछताछ के लिए सिटी कोतवाली ले गई। करीब दो से तीन घंटे बाद छोड़े जाने पर दीक्षित ने एसआई अमित सिकरवार पर थाने के अंदर मारपीट करने का आरोप लगाया। इसके बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कोतवाली में धरना शुरू कर दिया और एसआई के निलंबन की मांग पर अड़ गए। पुलिस ने मारपीट के आरोप से इनकार किया है। 48 घंटे पहले बदला था प्राचार्य एमजेएस कॉलेज में प्राचार्य पद को लेकर पिछले दिनों प्रोफेसर सुनील त्रिपाठी और आरए शर्मा के बीच खींचतान चल रही थी। दोनों के समर्थन में छात्र गुटों के सक्रिय होने की बात भी सामने आती रही है। पिछले दिनों सुनील त्रिपाठी की ओर से छात्र नेता सोनू कमई के खिलाफ शिकायत दी गई थी, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज हुई थी। इसके बाद आरए शर्मा के प्राचार्य बनने पर एबीवीपी ने उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया था। दो दिन पहले हुए प्रदर्शन के बाद लोक शिक्षण संचालनालय के आयुक्त के आदेश से आरए शर्मा को प्राचार्य पद से हटाकर दोबारा सुनील त्रिपाठी को प्राचार्य की जिम्मेदारी सौंप दी गई। प्राचार्य बदलने के 48 घंटे बाद छात्रों में मारपीट प्राचार्य बदलने के आदेश के करीब 48 घंटे बाद कॉलेज परिसर में छात्रों के बीच मारपीट का मामला सामने आया। एक छात्र वर्मा की ओर से पुलिस को दिए गए शिकायत आवेदन में एबीवीपी के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य सुमित दीक्षित पर दो अज्ञात लोगों से मारपीट कराने का आरोप लगाया गया। शिकायत मिलने पर पुलिस कॉलेज पहुंची और सुमित दीक्षित को पूछताछ के लिए सिटी कोतवाली ले आई। दीक्षित का आरोप- बाड़े में ले जाकर पीटा सुमित दीक्षित का आरोप है कि पुलिस उन्हें कोतवाली के अंदर एक बाड़े में ले गई, जहां एसआई अमित सिकरवार ने उनके साथ मारपीट की। करीब दो से तीन घंटे बाद छोड़े जाने के बाद दीक्षित एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली पहुंचे और धरना शुरू कर दिया। एबीवीपी कार्यकर्ता एसआई अमित सिकरवार के निलंबन की मांग कर रहे हैं। पुलिस बोली- मारपीट नहीं की, शिकायत पर पूछताछ के लिए लाए सीएसपी निरंजन राजपूत ने बताया कि विद्यार्थी परिषद के छात्र नेता के खिलाफ दो छात्रों के साथ मारपीट किए जाने की शिकायत मिली थी। इसी शिकायत के आधार पर सुमित दीक्षित को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। सीएसपी ने दीक्षित के साथ पुलिस द्वारा मारपीट किए जाने के आरोप को गलत बताया है। पुलिस के अनुसार, मामले में शिकायत और सामने आए तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *