Headlines

Morena Accident Exposes Bhopal Crime Network


फिरोजाबाद में पशु व्यापारियों की कार से 41 लाख रुपए लेकर भागे चार बदमाश मुरैना में हुए सड़क हादसे के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

.

रात करीब 2 बजे वारदात के बाद आरोपी कार से ग्वालियर की तरफ भागे थे। करीब दो घंटे में 118 किमी का सफर तय करने के बाद सुबह 4 बजे मुरैना में फ्लाईओवर पर ओवरटेक के दौरान उनकी कार ट्रक से जा भिड़ी। मामला 15 सितंबर का है।

हादसे के बाद चारों बदमाश घायल हालत में कार में फंसे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे भाजपा नेता अर्जुन तोमर मदद के लिए रुके।

घायलों ने उनसे कार से बैग निकालकर देने को कहा। एक बैग उठाने पर वह सख्त लगा तो उन्हें शक हुआ। इसी बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। तलाशी में बैगों से 41 लाख रुपए कैश मिले। कार से पिस्टल, खंजर और काले रंग के मास्क भी बरामद हुए।

दैनिक भास्कर की पड़ताल में भोपाल से जुड़ते गए तार। पढ़िए रिपोर्ट…

आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, चाकू सहित नकदी और कार जब्त की गई है।

आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, चाकू सहित नकदी और कार जब्त की गई है।

10 दिन रैकी, फिर भोपाल से बुलाए चार बदमाश

सीओ सिटी फिरोजाबाद संतोष सिंह के मुताबिक, भोपाल निवासी राज करीब 10 दिन पहले फिरोजाबाद में रिश्तेदारों के यहां आया था। इसी दौरान उसने पशु व्यापारी जान मोहम्मद, रहीश और अनीश की गतिविधियों पर नजर रखी। उसने देखा कि व्यापारी सुबह की हाट में जल्दी पहुंचने के लिए रात करीब 2 बजे बड़ी रकम लेकर घर से निकलते हैं।

राज ने यह जानकारी भोपाल के चार बदमाशों से साझा की और उन्हें फिरोजाबाद बुलाया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान रिहान (22), खालिद (40), अरसव (35) और आबिद (27) के रूप में हुई है। इनमें अरसव और आबिद भोपाल के निगरानीशुदा बदमाश हैं।

देखिए अस्पताल में घायल बदमाश…

मुरैना अस्पताल में आरोपियों का इलाज किया गया।

मुरैना अस्पताल में आरोपियों का इलाज किया गया।

फोन लेने लौटे व्यापारी, बदमाशों ने मौका देखकर निकाले बैग

व्यापारी कार से रात दो बजे बाजार के लिए निकले, लेकिन करीब 20 मीटर आगे जाने के बाद एक व्यापारी को याद आया कि उसका मोबाइल घर पर छूट गया है। कार वापस लौटाई गई। वह फोन लेने चला गया, जबकि दो व्यापारी बाथरूम के लिए थोड़ा आगे निकल गए। इसी दौरान बदमाशों ने कार से कैश से भरे दो बैग निकाल लिए और फरार हो गए। दोनों बैग में कुल 41 लाख रुपए थे।

व्यापारियों को कुछ समझ आता, इससे पहले आरोपी कार लेकर निकल चुके थे। सूचना मिलने के बाद फिरोजाबाद पुलिस ने उनका पीछा शुरू किया। आरोपी टूंडला पार कर मध्यप्रदेश की तरफ बढ़ गए।

118 किमी दूर मुरैना में ट्रक से भिड़ी कार

फिरोजाबाद पुलिस की घेराबंदी से निकलने के बाद आरोपी लगातार तेज रफ्तार से ग्वालियर की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने करीब 118 किमी की दूरी लगभग दो घंटे में तय की।

सुबह करीब 4 बजे मुरैना के कोतवाली थाना क्षेत्र के फ्लाईओवर पर ओवरटेक करने के दौरान उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में सवार चारों लोग घायल हो गए।

इसी दौरान सिविल लाइन थाना क्षेत्र की एफआरवी वहां से गुजरी। पुलिसकर्मियों ने दुर्घटना देखकर एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की।

कुछ देर बाद भाजपा नेता अर्जुन तोमर भी वहां पहुंच गए। वे अपने दोस्त अशोक परमार के साथ बाइक से मचकुंड की ओर जा रहे थे।

आरोपियों से बरामद कार।

आरोपियों से बरामद कार।

‘बैग में कपड़े हैं’… उठाया तो सख्त निकला

अर्जुन तोमर के मुताबिक, घायलों ने खुद को भोपाल का रहने वाला बताया। काली शर्ट पहने एक युवक ने उनसे कार से बैग निकालने के लिए कहा और बताया कि उसमें कपड़े हैं। वह घायल था, बावजूद उसका पूरा ध्यान बैग पर था।

तोमर ने एक बैग उठाया तो वह सख्त लगा। उन्हें शक हुआ कि इसमें कोई कीमती सामान हो सकता है। इसी बीच दूसरे घायल ने एक और बैग होने की जानकारी दी।

तोमर ने दोनों बैग पुलिस को सौंप दिए और उन्हें अपने पास रखने के लिए कहा। एंबुलेंस के रवाना होने के बाद वे वहां से चले गए। पुलिस ने जब बैगों की तलाशी ली तो उनमें नोटों की गड्डियां मिलीं।

इसके बाद हादसा महज सड़क दुर्घटना नहीं रहा। पुलिस ने घायलों से पूछताछ शुरू की और फिरोजाबाद पुलिस से संपर्क किया। यहीं से 41 लाख रुपए की चोरी की पूरी कड़ी सामने आई।

पुलिस ने मोबाइल खंगाले, रिश्तेदारों तक पहुंची बात

हादसे के बाद पुलिस ने घायलों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में लिए। कॉलिंग लिस्ट में ऊपर मौजूद नंबरों पर संपर्क किया गया। पुलिस जब फोन उठाने वालों से घायलों की पहचान पूछती तो कॉल काट दी जाती।

इसी दौरान पुलिस को पता चला कि घायलों के रिश्तेदारों को हादसे की जानकारी मिल चुकी है। उन्होंने मुरैना में रहने वाले अपने रिश्तेदारों को अस्पताल पहुंचने के लिए कहा था।

मुरैना पुलिस ने कार, नकदी और हथियारों की जानकारी फिरोजाबाद पुलिस को दी। इसके बाद फिरोजाबाद पुलिस की टीम आगे की कार्रवाई के लिए पहुंची।

पुराने अपराध रिकॉर्ड भी जांच में आए

फिरोजाबाद पुलिस अब आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है। भोपाल पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले से मामले दर्ज होने की बात सामने आई है।

खालिद कुरैशी के खिलाफ भोपाल में जुआ, मारपीट और चोरी से जुड़े पुराने मामलों का उल्लेख पुलिस रिकॉर्ड में बताया गया है। वह अशोका गार्डन क्षेत्र का निगरानीशुदा बदमाश बताया जा रहा है।

पुलिस अब बाकी आरोपियों के पुराने मामलों और उनके आपसी संपर्कों की भी जानकारी जुटा रही है।

इस कार में सवार थे सभी बदमाश।

इस कार में सवार थे सभी बदमाश।

ATM क्लोनिंग से लेकर 41 लाख की वारदात तक जांच

पुलिस के सामने आए रिकॉर्ड और इनपुट में आरोपी आबिद के संबंध में ATM क्लोनिंग से जुड़े पुराने मामलों का भी उल्लेख है। अब जांच का एक अहम हिस्सा यह पता लगाना है कि क्या वह किसी पुराने अंतरराज्यीय अपराध नेटवर्क से जुड़ा रहा है और क्या उसका संपर्क इस वारदात की योजना से भी था।

फिलहाल पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, आपसी संपर्क, फिरोजाबाद से मुरैना तक उनकी आवाजाही और पुराने केस रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है।

तीन राज्यों से जुड़ी कड़ियां खंगाल रही पुलिस

वारदात की शुरुआत उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से हुई, आरोपी मध्यप्रदेश के मुरैना में हादसे के बाद पकड़े गए और उनका संबंध भोपाल से सामने आया है। ऐसे में जांच का दायरा उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के अलावा ग्वालियर-चंबल क्षेत्र तक पहुंच गया है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के पीछे सिर्फ चार लोगों की भूमिका थी या इनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय है। रैकी करने वाले युवक से लेकर भोपाल से बुलाए गए आरोपियों तक की कड़ियों को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

रसूलपुर थाने के प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ 41 लाख रुपए की लूट की एफआईआर दर्ज है। पूछताछ में उनके लोकल नेटवर्क और वारदात से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।

ये खबर भी पढ़ें…

भोपाल में आधी रात दो बदमाशों ने फायरिंग की

भोपाल के कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार-बुधवार रात करीब 3 बजे दो बदमाशों ने फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदमाश फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। वारदात के बाद आसपास के लोगों में डर का माहौल बन गया।पूरी खबर पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *