दतिया उपचुनाव में बीजेपी ने नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। इससे नरोत्तम मिश्रा के समर्थक भड़क गए। उन्होंने प्रदर्शन शुरू कर दिए।
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को चुनाव होना है। यहां से भाजपा ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। यह खबर फैलते ही एमपी के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थक भड़क गए। उन्होंने हिंसक विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
.
कुछ देर में पथराव, चक्काजाम और पुलिस से झड़प शुरू हो गई। इसे देखते हुए शनिवार सुबह प्रशासन ने पूरे जिले में BNSS की धारा 163 लागू कर दी। इसके तहत बिना अनुमति किसी भी सभा, जुलूस, धरना-प्रदर्शन और सार्वजनिक आयोजन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। साथ ही पांच या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर भी रोक लगा दी गई है।
वहीं नरोत्तम मिश्रा ने कहा- मैंने कल भी विस्तार से कहा था। आज भी कह रहा हूं। यह पार्टी का निर्णय है। सभी कार्यकर्ताओं से एक बार कहूंगा कि मुझे जो सोशल मीडिया पर पेट्रोल और मिट्टी का तेल डालते हुए वीडियो दिखाए गए, ऐसा कोई काम नहीं करना है। कल भी मैंने कहा था- मार्ग अवरुद्ध नहीं करना है। पार्टी फोरम में अपने तरीके से अपनी बात कही जाती है, इस तरीके से व्यक्ति नहीं की जाती।

एसपी-एसडीओपी समेत 8 पुलिसकर्मी घायल
इससे पहले शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे हुए पथराव में एसपी, एसडीओपी और आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं नरोत्तम मिश्रा के कुछ समर्थकों के भी घायल होने की सूचना है। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया। बताया गया कि कुछ समर्थकों ने भाजपा कार्यालय में खुद को बंद कर लिया था, जिन्हें बाद में प्रशासन की समझाइश के बाद बाहर निकाला गया।
भाजपा कार्यालय के बाहर कड़ी सुरक्षा, 250 कार्यकर्ता रोके
बड़ौनकलां में जाम की सूचना के बाद प्रशासन ने एहतियातन दतिया स्थित भाजपा कार्यालय में करीब 250 कार्यकर्ताओं को अंदर ही रोक दिया। कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे इलाके की निगरानी की गई, ताकि स्थिति दोबारा न बिगड़े।
प्रदर्शन से जुड़ी तस्वीरें

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को काबू करने के लिए आंसू गैस भी छोड़ी।

शनिवार सुबह एक बार फिर हंगामे की स्थिति बनी, जिसे पुलिस ने कंट्रोल कर लिया।

एहतियात के तौर पर पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।

दतिया भाजपा कार्यालय में करीब 250 कार्यकर्ता नजरबंद बताए जा रहे हैं।

भाजपा कार्यालय के अंदर कई नजरबंद कार्यकर्ता सोते हुए नजर आए।

पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया है।


लाइव ब्लॉग के मिनट टु मिनट अपडेट के लिए यहां से गुजर जाइए…
