मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा।
.
अधूरी रह गई बात, फिर राहुल ने बदली चिट्ठी इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में जब ओबीसी आरक्षण का मुद्दा गूंजा तो राहुल गांधी ने इसे लेकर सीधे सीएम डॉ. मोहन यादव को एक पत्र लिख दिया। इसमें उन्होंने बिना देर किए 27% ओबीसी आरक्षण लागू करने और चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग कर दी।
राहुल गांधी ने यह पत्र सोशल मीडिया पर भी जारी किया। लेकिन इस लेटर पॉलिटिक्स में उनकी ओर से एक गलती हो गई। लेटर के आखिरी के दो पैराग्राफ रिपीट हो गए। जिसके चलते राहुल गांधी की बात पूरी नहीं हो सकी।
हालांकि, थोड़ी देर बाद राहुल गांधी की ओर से इस गलती को सुधार लिया गया। उन्होंने पुराना लेटर हटाकर उसकी जगह नया लेटर जारी किया। कुल मिलाकर राहुल गांधी को सीएम डॉ. मोहन यादव को लिखी चिट्ठी बदलनी पड़ी।
अब लोग चुटकी ले रहे हैं कि लगता है राहुल गांधी के स्टाफ ने लेटर टाइप करने में जल्दबाजी कर दी और कॉपी-पेस्ट के चक्कर में फजीहत करा दी।

राहुल गांधी को सीएम डॉ. मोहन यादव को लिखी चिट्ठी बदलनी पड़ी।
‘सेवा संकल्प यात्रा’ की दिशा पर कन्फ्यूजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर निकाली जा रही ‘सेवा संकल्प यात्रा’ का जबलपुर में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। लेकिन स्वागत के बीच यात्रा की दिशा को लेकर ही मंत्री राकेश सिंह और दूसरे भाजपा नेताओं में कन्फ्यूजन नजर आया।
दरअसल, मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि यह यात्रा प्रधानमंत्री मोदी की जन्मस्थली वडनगर से जल कलश लेकर वाराणसी तक जा रही है। वहीं, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने भी यही कहा कि वडनगर से वाराणसी के लिए निकली यात्रा जबलपुर पहुंची है।
जबकि यात्रा के साथ चल रहे कलश पर ही इसकी दिशा लिखी है। कलश पर लिखा है कि ‘वाराणसी – वडनगर’ सेवा यात्रा। मतलब यात्रा वाराणसी से चलकर वडनगर जा रही है। यात्रा के साथ चल रहे कार्यकर्ताओं ने भी यही बताया।
फिर भी जब भाजपा नेता कन्फ्यूज नजर आए तो ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है।

जबलपुर में भाजपा नेताओं ने ‘सेवा संकल्प यात्रा’ का स्वागत किया।
विधायक ने 200 दिव्यांगों को कराया इंतजार बड़वानी में भाजपा विधायक श्याम बर्डे ने करीब 200 दिव्यांगों को इंतजार कराया। अपने लिए जरूरी उपकरण लेने के लिए दिव्यांग दो दिन तक भटकते और परेशान होते रहे।
हुआ यूं कि जिले के पानसेमल में 21 सितंबर को दिव्यांग शिविर लगाया गया था। इसमें विधायक के हाथों करीब 200 दिव्यांगों को व्हीलचेयर और ट्रायसाइकिल समेत अन्य उपकरण दिए जाने थे।
सब तैयारी हो चुकी थी। दूर-दराज से जरूरतमंद दिव्यांग भी पहुंच चुके थे। लेकिन ऐन मौके पर विधायक के नहीं आने से कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। इसके बाद दिव्यांगों को खाली हाथ लौटना पड़ा।
दो दिन बाद विधायक पहुंचे तो दिव्यांगों को दोबारा बुलाया गया और उन्हें उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम रद्द करने पर विधायक ने बताया कि उन्हें इस कार्यक्रम की जानकारी ही नहीं थी, जबकि बैनर पर मुख्य अतिथि के रूप में उनका नाम लिखा था।
अब लोग कह रहे हैं कि विधायक के सियासी शोऑफ यानी दिखावे के लिए दिव्यांगों को परेशान किया गया। अगर उपकरण देने ही थे तो उसी दिन विधायक की मौजूदगी के बिना भी उन्हें दिए जा सकते थे।

बड़वानी में भाजपा विधायक ने दिव्यांगों को उपकरण वितरण में इंतजार कराया।
और अब अंदर की बात..
‘सेवा संकल्प यात्रा’ में परेशान हुए कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर भाजपा सेवा संकल्प अभियान चला रही है। इसके तहत मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से उनकी जन्मस्थली वडनगर तक और वडनगर से वाराणसी तक सेवा संकल्प यात्राएं भी निकाली जा रही हैं।
ऐसी ही एक सेवा संकल्प यात्रा ने यूपी से लगे मध्य प्रदेश के एक नए बने जिले में प्रवेश किया। लेकिन यहां यात्रा में शामिल पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए कोई खास व्यवस्थाएं नहीं की गईं। खाने-पीने से लेकर ठहरने तक के लिए कार्यकर्ताओं को परेशान होना पड़ा।
अब यह बात सीधे दिल्ली तक पहुंच गई है। चूंकि यह यात्रा पीएम मोदी से जुड़ी है, इसलिए पार्टी का प्रदेश संगठन भी फौरन सक्रिय हो गया। अब देखना यह है कि भाजपा इस मामले पर क्या रुख अपनाती है।
इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), शिशिर वाजपेयी (जबलपुर), सचिन राठौर (बड़वानी)
ये भी पढ़ें – मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को कहना पड़ा सॉरी: सिंधिया का टैलेंट, कैफे में बनाया डोसा

‘संध्या दीदी की भी जरा चौड़ाई बढ़ गई… थोड़ी सी।’ इंदौर में महिला पार्षद पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की इस टिप्पणी को लेकर सियासत गरमा गई। मामला बढ़ा तो बैकफुट पर आए विजयवर्गीय ने इसके लिए खेद जताया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया, जिसे मीडिया ने भी उठा लिया। पूरी खबर पढ़ें
