मुजफ्फरपुर5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र स्थित महिला शिल्प कला भवन (MSKB) स्कूल में चोरी हुई है। चोरों ने स्कूल से पंखे और समर्सिबल मोटर का पाइप चुरा लिया, जिससे पानी की गंभीर किल्लत हो गई। इसके विरोध में छात्रों और स्थानीय लोगों ने सड़क जामकर प्रदर्शन किया।
बुधवार रात चोरों ने पहली बार स्कूल में सेंध लगाई थी। दो कमरों के ताले तोड़कर पंखे और अन्य सामान चुरा लिए। इस संबंध में प्रधानाध्यापक ने नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद गुरुवार देर रात चोरों ने दोबारा स्कूल को निशाना बनाया। तीन कमरों के ताले तोड़े, पंखे चुराए और समर्सिबल मोटर का पाइप उखाड़कर ले गए। चोरों ने समर्सिबल के ऊपर बने शेड को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
आक्रोशित स्टूडेंट्स सड़क पर उतरे
शुक्रवार सुबह जब शिक्षक और छात्राएं स्कूल पहुंचे, तो उन्हें पानी की गंभीर किल्लत का सामना करना पड़ा। समर्सिबल मोटर की चोरी और तोड़फोड़ के कारण पीने के पानी की व्यवस्था ठप हो गई। भीषण गर्मी में पानी न मिलने से आक्रोशित छात्र और स्थानीय निवासी सड़क पर उतर आए।
प्रदर्शनकारियों ने बनारस बैंक चौक के पास मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। जिसके चलते दोनों लेन में गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई। लगभग डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा।
नशेडियों का अड्डा बना टूटा हिस्सा
स्कूल के प्राचार्य प्रभात रंजन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर थाना पुलिस पर ढुलमुल रवैये का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया, ‘स्कूल परिसर की बाउंड्री वॉल का एक हिस्सा बीते छह महीनों से टूटा पड़ा है। यह टूटा हुआ हिस्सा अपराधियों, जुआरियों और नशेडियों का सेफ जोन बन चुका है। दिन-ढलते ही असामाजिक तत्व यहां जमघट लगाने लगते हैं। पुलिस को कई बार लिखित और मौखिक रूप से आगाह किया गया, लेकिन कभी कोई गश्त नहीं बढ़ाई गई। अगर पहली चोरी के बाद पुलिस सख्त कदम उठाती, तो लगातार दूसरी रात यह दुस्साहस नहीं होता।’
जांच में जुटी पुलिस, कार्रवाई का आश्वासन
सड़क जाम और उग्र प्रदर्शन की सूचना मिलते ही नगर थानेदार जय प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने सड़क पर बैठे छात्रों और आक्रोशित स्टाफ को काफी मशक्कत के बाद समझा-बुझाकर शांत कराया और यातायात सुचारू करवाया।
थानेदार जय प्रकाश सिंह ने चोरी की घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की गहन जांच-पड़ताल की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही चोरी में शामिल असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर गिरफ्तार किया जाएगा।

